रांची(ब्यूरो)। सखी मंडल की बहनों को उद्यमिता से जोडऩे के लिए मुख्यमंत्री द्वारा की गई पलाश ब्रांड की शुरुआत रंग ला रही है। अब पलाश ब्रांड के सभी उत्पादों की बिक्री जल्द ही अमेजन एवं फ्लिपकार्ट के जरिए होगी। इससे करीब 2 लाख ग्रामीण महिलाओं को और भी सशक्त आजीविका उपलब्ध हो सकेगा। फिलहाल पलाश ब्रांड के तहत करीब 60 से ज्यादा उत्पाद बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। सखी मंडल की महिलाओं के उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़कर अच्छी आमदनी सुनिश्चित करने के लिए अमेजन, फ्लिपकार्ट जैसी ई कॉमर्स कंपनियों से साझेदारी की गई है। वर्तमान में सरसों तेल, हनी, आचार जैसे चुनिंदा उत्पाद अमेजन पर बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। इस पहल से झारखंड के सुदूर गांवों की महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पाद देश के हर कोने तक पहुंच सकेंगे।

ई-कॉमर्स साइट पर हस्तनिर्मित उत्पाद

अमेजन पर पलाश के उत्पादों में सात उत्पाद जैसे हरी मिर्च और ओल का आचार, शहद, सरसों तेल आदि हैं। वहीं फ्लिपकार्ट पर कोल्ड प्रेस सरसों तेल किफायती दाम पर उपलब्ध है। अब तक अमेजन से 3 आर्डर प्राप्त कर आपूर्ति की जा चुकी है। जल्द ही पलाश के सारे उत्पाद इन ई-पोर्टल पर उपलब्ध होंगे। ये सारे उत्पाद सखी मंडल की दीदियां प्राकृतिक तरीके से तैयार करती हैं। आने वाले दिनों में इन उत्पादों को रिलायंस स्टोर से भी जोडऩे की तैयारी है। अब देश भर से लोग फ्लिपकार्ट और अमेजन के माध्यम से बस एक क्लिक में पलाश उत्पादों की खरीदारी कर सकेंगे।

सखी मंडल की महिलाओं द्वारा निर्मित प्राकृतिक उत्पादों को बड़े बाजार से जोडऩे के लिए अमेजन एवं फ्लिपकार्ट से एमओयू किया गया है। इस पहल के जरिए अभी चुनिंदा उत्पाद अमेजन एवं फ्लिपकार्ट पर उपलब्ध हैं, वहीं आने वाले दिनों में पलाश के सभी उत्पाद उपलब्ध रहेंगे, जिससे दीदियों की आमदनी में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।

-डॉ मनीष रंजन, सचिव, ग्रामीण विकास विभाग