रांची (ब्यूरो)। सिटी में इन दिनों रूफटॉप पार्टी कल्चर काफी रफ्तार से बढ़ रही है। करीब सभी बार और रेस्टॉरेंट्स इस कल्चर को अपना रहे हैं। जबकि लॉ में कहीं ऐसा कोई प्रावधान नहीं है कि छत का किसी तरह कॉमर्शियल यूज नहीं होना है। सिटी के जिन रेस्टॉरेंट या बार में इस तरह की रूफटॉप पार्टी अरेंज हो रही है जो बिल्कुल गैरकानूनी है। इसके लिए न तो प्रशासन से किसी तरह की अनुमति ली जाती है और न ही इसका लाइसेंस दिया जाता है। रेस्टॉरेंट और बार के लाइसेंस में ओनर रूफटॉप डीजे पार्टी अरेंज कर रहे हैं। शाम ढलते ही इन रेस्टॉरेंट और बार की छतों पर महफिल सजने लगती है। जैसे-जैसे रात बढ़ती है शराब और शबाब भी बढ़ता जाता है। सिर्फ पुरुष ही नहीं, महिलाएं भी हाथों में जाम लेकर थिरकती हैं। लेकिन वहीं दूसरी ओर जिन इलाकों में इस तरह की एक्टिविटीज हो रही है, वहां आसपास में रहने वालों का जीना मुहाल हो गया है। रात के नौ बजे से फुल साउंड डीजे बजने लगता है, जिसकी आवाज दूर-दूर तक जाती है। आसपास के लोगों की रात की नींद भी खराब होती है। वैसे तो ज्यादातर बार और रेस्टॉरेंट लालपुर और सरकुलर रोड में है। लेकिन सबसे ज्यादा शिकायत वेस्टर्न मॉल स्थित धुनकी से आ रही है। दरअसल धुनकी के बगल में ही केसी राय मेमोरियल हॉस्पिटल है, जहां पेशेंट्स अपना इलाज कराते हैं। हॉस्पिटल के वार्ड में मरीज एडमिट होते हैं। मरीजों को तकलीफ होती है लेकिन उनकी तकलीफ को दरकिनार कर पार्टी में शामिल लोग मस्ती, मजा और धमाल करते हैं। पॉश इलाकों में बने बार और पब ने लोगों की नाकों में दम कर रखा है। खासकर ऐसे पब से ज्यादा परेशानी हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों को हो रही है। मरीज को डॉक्टर आराम करने की सलाह देते हैं। लेकिन पब से निकलने वाली तेज आवाज के आगे नींद गायब हो जाती है। मरीज सुकून से बैठ कर आराम तक नहीं कर सकते हंै। केसी राय हॉस्पिटल के बगल स्थित धुनकी पब बार में तय सीमा से ज्यादा तेज आवाज में डीजे बजते हैं, जो यहां के मरीजों के लिए खतरनाक है। देर रात तक बजने वाले डीजे से मरीज तो मरीज डॉक्टर और नर्स तक को परेशानी हो रही है।

अब भी न्यू ईयर पार्टी

वैसे तो हर दिन बार और रेस्टॉरेंट्स में पार्टी चलती है। लेकिन इन दिनों न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर हर रात बार की छत पर डीजे साउंड में मस्ती हो रही है। शराब भी छलकता है और अश्लील डांस भी होते हैं। छत पर दारू पार्टी करना काफी खतरनाक हो सकता है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना घट सकती है। शराब के नशे में लोग छत से नीचे भी गिर सकते हैं। रेस्टॉरेंट और बार के बाहर हर दिन मारपीट की शिकायत भी आती रहती है। न्यू ईयर पार्टी के मौके पर ही कोकर स्थित बार में लोगों ने शराब पीकर मारपीट की। मैनेजर के साथ झगड़ा और छिनतई भी की। हालांकि, लोगों ने मारपीट करने वालों को पकड़कर सदर थाना के हवाले किया था, लेकिन मामला थाने से ही रफा-दफा कर दिया गया। सिर्फ धुनकी ही नहीं, होटल आर्या, एक्सट्रीम बार, मोचा, शोरोस, अर्बन ब्रावा, प्राणा, स्काई स्केप समेत अन्य स्थानों पर भी रूफटॉप पार्टी चल रही है।

तमाशा देखता है प्रशासन

हर शाम बार और पब की छतों पर बड़ी-बड़ी पार्टियां हो रही हैं। रेस्टॉरेंट ओनर बार की छत का भी कॉमर्शियल इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन इसकी जांच पड़ताल करने की जिम्मेवारी जिन कंधों पर है वे मूकदर्शक बन तमाशा देखते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सिर्फ बिजनेस मैन बिल्डर ही नहीं बल्कि नेता-कार्यकर्ता और अधिकारी भी आकर यहां थिरकते हैं, और जाम से जाम छलकाते हैं। यही वजह है कि इस तरह डीजे नाइट करने वालों पर प्रशासन भी कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। इन दिनों फिर से सिटी में कोविड गाइडलाइंस का पालन करने का आदेश है। लेकिन पब, बार और रेस्टॉरेंट के बाहर ही सभी नियम और आदेश पर ब्रेक लग जाता है। रूफटॉप पार्टी में गेस्ट्स की संख्या पर भी कोई नियंत्रण नहीं है। ज्यादा से ज्यादा लोगों की एंट्री करा दी जाती है।

मरीज और उनके परिजन ने कंप्लेन की है, जिसके बाद पहले से थोड़ी शांती हुई है। लेकिन हॉस्पिटल जैसे स्थान से 100 मीटर के दायरे में इस तरह का शोरगुल वाला स्थान नहीं होना चाहिए।

-सुबीर पॉल, प्रेसिडेंट, केसी राय हॉस्पिटल