रांची(ब्यूरो)। आम लोगों के मानस पटल पर बनी पुलिस की गलत छवि सुधारने के लिए पुलिस विभाग की ओर से पहल की जा रही है। एसएसपी कौशल किशोर के आने के बाद इस दिशा में कार्य शुरू किए गए हैं। एसएसपी के निर्देशानुसार अब पुलिस स्टेशन पर ही थाना दिवस मनाया जाएगा। महीने के दूसरे और चौथे मंगलवार को थाना दिवस आयोजित कर आम लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। पुलिस की छवि सुधारने, पब्लिक-पुलिस के बीच को-ऑर्डिनेशन बनाने और क्राइम कंट्रोल करने में पब्लिक की भूमिका सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना में पुलिस और पब्लिक बैठक कर अलग-अलग बिंदुओं पर चर्चा करेंगे।

एसएसपी ने की अपील

एसएसपी किशोर कौशल ने आम लोगों से भी पुलिस को सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राजधानी में क्राइम कंट्रोल करने में लोगों की अहम भूमिका है। अपने आस-पास के संदिग्ध लोगों पर नजर रखें। कुछ संदिग्ध लगने परफौरन सूचित करें, ताकि पुलिस को अपना काम करने में सहुलियत हो।

अपराधिक छविवालों पर नजर

शहर को क्राइम फ्री बनाने के लिए नवनियुक्त एसएसपी ने रोड मैप तैयार किया है। आपराधिक छवि वाले लोग और उनके परिचितों पर पुलिस नजर रखेगी। इसके अलावा जमानत पर बाहर आ रहे कैदियों पर पुलिस को निगरानी करने को कहा गया है। उनके मोबाइल फोन को भी पुलिस सर्विलांस पर रखेगी। राजधानी में होने वाली चोरी, छिनतई, लूट, अवैध कारोबार, गांजा, तस्करी समेत अन्य अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों की लिस्ट तैयार की जा रही है।

गिरोह के खिलाफ अभियान

रांची और आसपास के आपराधिक गिरोह के खिलाफ पुलिस अभियान चलाएगी। सक्रिय अपराधिक गिरोह के सदस्यों पर पुलिस सीसीए भी लगा सकती है। वहीं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम का गठन किया जाएगा। इधर, जेल में बंद अपराधी किससे मिलते हैं, किससे बात करते हैं, उनकी हर एक्टिविटी पर पुलिस नजर रखेगी। सभी थाना प्रभारियों को एसएसपी की ओर से सूची तैयार करने और इस पर अमल करने के आदेश दे दिए गए हैं। लंबित मामलों पर भी पुलिस सक्रिय हो गई है। पेंडिंग वारंट और कुर्की से संबंधित लंबित मामलों का निबटारा जल्द से जल्द किया जाए इस विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पुलिस-पब्लिक के बीच तालमेल जरूरी

पुलिस और पब्लिक के बीच समन्वय बनाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को आदेश दिए गए हैं। पुलिस स्टेशन आने वाले हर फरियादियों की समस्या को ध्यान से सुनने और फौरन उस पर कार्रवाई करने के लिए भी कहा गया है। इसी के तहत सभी थानों में थाना दिवस मनाया जाएगा। इसमें एक दिन विशेष कर पीडि़तों की बात सुनने के लिए तय किया गया है। इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है। महीने के दूसरे और चौथे मंगलवार को फरियादी अपनी फरियाद लेकर थाना आ सकते हैं। उनके केस से संबंधित अनुसंधान कहा तक पहुंचा है, क्या परेशानी आ रही है ये सभी जानकारियां दी जाएंगी।

जनता और पुलिस के बीच बेहतर संबंध बने यही मेरी प्राथमिकता है। लोगों की मदद से ही पुलिस अपराधियों तक पहुंच सकती है और शहर को क्राइम फ्री बनाया जा सकता है।

-कौशल किशोर, एसएसपी, रांची