रांची: राजधानी रांची में प्री मानसून बारिश की शुरुआत हो गई है। बुधवार को थोड़ी देर की झमाझम बारिश से राजधानी के कई इलाकों में पानी भर गया। हालांकि बारिश बंद होने के थोड़ी देर बाद ही सड़कों से पानी निकल गया। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून सामान्य गति से झारखंड की तरफ बढ़ रहा है। इसके अगले तीन दिनों में राज्य में दस्तक देने की उम्मीद है। वहीं बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसके 11 जून तक गहरा होने की संभावना है। इससे राज्य में मानसून के आने के लिए पर्याप्त अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।

मॉनसून आने के संकेत

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में मानसून के आने के लिए सभी अनुकूल परिस्थिति बन रही है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि इस बार मानसून की बारिश राज्य में बेहतर होगी। वर्तमान में उत्तर प्रदेश में बने कम दबाव के क्षेत्र का एक टर्फलाइन उत्तर प्रदेश से होता हुई बंगाल तक फैला हुआ है। इसके कारण भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश देखने को मिली है। वहीं मानसून के आने के पहले होनी वाली प्री मानसून वज्रपात भी हो रही है। इसके लिए विभाग की ओर से 24 घंटे अलर्ट जारी किया जाता रहेगा।

विभाग ने जारी किया आरेंज अलर्ट

अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में प्री मानसून बारिश की शुरुआत हो चुकी है। इसे देखते हुए गुरुवार को राज्य में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। साथ ही वज्रपात और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने पूरे राज्य के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है।

यह है मौसम पूर्वानुमान

राज्य में बारिश, वज्रपात और तेज हवा का दौर 13 जून तक चलने की संभावना है। इसके बाद मानसून की बारिश होगी।