रांची: प्रतिबंधित पान मसाला एवं गुटखा की बिक्री के खिलाफ गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने विभिन्न जिलों में छापेमारी की। रांची, गढ़वा, पलामू, जमशेदपुर समेत कई अन्य जिलों में दुकानों से लेकर गोदाम तक खंगाले गए। कई जगह भारी मात्रा में प्रतिबंधित पान मसाला-गुटखा आदि बरामद किए गए हैं।

रांची में दुकानों पर रेड

रांची में हिंदपीढ़ी स्थित माली टोला में जिला प्रशासन की टीम ने कई दुकानों में छापा मार कर पान मसाला-गुटखा आदि बरामद किया। ज्यादातर पान दुकानों में प्रतिबंधित पान मसाला बेचा जा रहा था। इधर, डोरंडा थाना क्षेत्र में भी प्रतिबंधित पान मसाला की बिक्री करते हुए कई दुकानदारों को पकड़ा गया। सभी दुकानों से माल जब्त कर एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई देर रात तक जारी थी। इसके अलावा सिटी के कई अन्य हिस्सों में भी गोदामों पर छापेमारी की गई, जो देर रात तक जारी थी। इस बीच ओरमांझी में कोटपा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1800 रुपए का फाइन वसूला गया।

कर्रा में भी चला अभियान

बीडीओ, चिकित्सा प्रभारी व कर्रा थाना प्रभारी के संयुक्त नेतृत्व में गुरुवार को कर्रा में तंबाकू विक्रेताओं के खिलाफ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मुख्य रूप से गुटखा, बीड़ी, सिगरेट, खैनी, गुल, गुड़ाकू व गांजा को लेकर कई दुकानों की जांच की गई। मौके पर तंबाकू विक्रेताओं को बताया गया कि तंबाकू बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। तंबाकू उत्पाद की बिक्री करते पकड़े जाने पर जुर्माना सहित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विक्रेताओं से अपील की गई कि आप भी स्वस्थ रहें और तंबाकू न बेचकर जनता को भी स्वस्थ रहने दें, अन्यथा पकड़े जाने पर जुर्माने के साथ जेल तक जाना पड़ सकता है। अभियान में बीडीओ कुमार देवेश द्विवेदी, थाना प्रभारी मुन्ना कुमार सिंह, चिकित्सा प्रभारी डॉ एम जमाल व फार्मासिस्ट जयप्रकाश सिंह समेत अन्य कर्मी उपस्थित थे।

मेदिनीनगर में बड़ी कार्रवाई

मेदिनीनगर में गुटखा को लेकर प्रशासन की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई। लाखों का खेप जब्त किया गया। यहां सूरज ब्राइट कैरियर प्राइवेट लिमिटेड ट्रांसपोर्ट में छापेमारी हुई। मौके पर एसडीओ अजय सिंह बड़ाईक, एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी अरुण कुमार महथा मौजूद थे। दूसरी ओर मेदिनीनगर में साहित्य समाज चौक के पास से भारी मात्रा में गुटखा जब्त किया गया। यहां गोदाम को सील भी किया गया। इसके अलावा गढ़वा के मझिआंव में भी छापेमारी की गई।

जमशेदपुर में 24 से अधिक दुकानदार पकड़े गए

इधर, जमशेदपुर और इससे सटे इलाके में पुलिस ने गुटखा और तंबाकू दुकानों और गोदमों में गुरुवार को छापेमारी अभियान चलाया। सबसे अधिक बिष्टुपुर थाना की पुलिस ने धातकीडीह इलाके में शगीर और राजू नामक व्यक्ति की गोदाम में छापामारी कर गुटखा, बीड़ी, सिगरेट बरामद किया जिसकी कीमत लाखों रुपए है। पुलिस जब पहुंची तो तीन कमरे का गोदाम बंद था। पुलिस की दबिश के पहले ही संचालक भाग निकला था। थाना प्रभारी रणविजय शर्मा ने इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी। इसके बाद प्रशासन की ओर से दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति कराई गई। दंडाधिकारी की उपस्थिति में गोदाम का ताला तोड़ा गया। इसके बाद पुलिस गोदाम के अंदर गई। गुटखा और तंबाकू को बरामद किया।