- जमशेदुपर से गुजर रहा मानसून का टर्फलाइन, वज्रपात की भी जताई गई है आशंका

रांची: मानसून का टर्फ लाइन जमशेदपुर से होकर गुजर रहा है। इसकेकारण रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, खूंटी, बोकारो, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, पाकुर और साहेबगंज जिले के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। मेघ गर्जन और वज्रपात की भी संभावना है। राज्य के शेष जिलों में भी हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इस दौरान राजधानी रांची में आ‌र्द्रता का स्तर 97 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। इससे उमस बढ़ेगी। पूर्वानुमान में बताया गया है कि राज्य में 18 अगस्त तक मानसून पूरी तरह से सक्रिय रहेगा। बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात का दौर जारी रहने की संभावना है।

औसत कम बारिश

सावन खत्म होने को है। राज्य के पांच जिलों में औसत से 35 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। इससे राज्य की वर्षा आधारित खेतीबाड़ी बुरी तरह से प्रभावित हुई है। सबसे कम बारिश गुमला में हुई है। मौसम विभाग के अनुसार यहां इस मानसून में 35 प्रतिशत कम बारिश हुई है। यहां एक जून से 16 अगस्त तक औसत बारिश 742 मिमी रिकार्ड की जानी चाहिए थी जबकि केवल 480 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। सिमडेगा में 29, सरायकेला-खरसावां में 21, पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी में 20 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। हालांकि राज्य में औसत बारिश सामान्य है। राज्य में एक जून से 16 अगस्त तक 676 मिमी बारिश रिकार्ड की जानी चाहिए थी। अबतक 695 मिमी रिकार्ड की गई है। ये औसत से तीन प्रतिशत ज्यादा है।

हुई हल्की बारिश

सोमवार की शाम भी राजधानी में हल्की बारिश हुई। इससे लोगों को दिन गर्मी से राहत मिली। हालांकि उमस काफी बढ़ गयी। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मानसून की स्थिति सामान्य रही। सबसे ज्यादा बारिश पाकुड़ के आम्रापारा में 69 मिमी रिकार्ड की गयी। अधिकतम तापमान देवघर में 36.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि न्यूनतम तापमान मेदिनीनगर में 23.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।