रांची(ब्यूरो)। झारखंड की राजधानी रांची अब क्राइम कैपिटल बनती जा रही है। जी हां, आए दिन मर्डर, लूट, छिनतई, रेप जैसी वारदात शहर में हो रही हैं, जिससे शहर में दहशत का माहौल है। सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में बीते महीने भर में कई बड़ी वारदात हुई हैं। चार इलाकों में फायरिंग और चाकूबाजी हुई, जिसमें तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया। हाल के दिनों में गोलीबारी, हत्या, लूट, डकैती और बलात्कार जैसी वारदातों में तेजी से इजाफा हुआ है। ऐसा लग रहा है कि जैसे अपराधियों में पुलिस का भय खत्म हो गया है। अपराधी बेखौफ होकर घटना को अंजाम देने में जुटे हैं। दिनदहाड़े गोलीबारी कर रहे हैं। बीते सोमवार की दोपहर करीब एक बजे भीड़-भाड़ वाले स्थान पर ठांय-ठांय चार राउंड फायरिंग कर अपराधी फरार हो गए।

15 दिनों में 3 फायरिंग

सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में ही बीते 15 दिनों में तीन-तीन इलाकों में गोलीबारी हुई। बीते सप्ताह इंद्रपुरी में गैंगवार हुआ, जिसमें गैंगस्टर संदीप थाना को गिरफ्तार किया गया था। वहीं इसी महीने सुखदेव नगर इलाके में ही आदर्श ज्वेलर्स के संचालक पर फायरिंग कर उनसे साढ़े चार लाख रुपए अपराधियों ने लूट लिये।

5 माह में कई बड़े कांड

बीते पांच महीने में दो दर्जन से अधिक स्थानों पर फायरिंग हुई है। कई बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। बीच सड़क गैंगवार और मर्डर भी हुआ। मोरहाबादी, डोरंडा, हिंदपीढ़ी, पिस्का मोड़, बरियातू समेत अन्य इलाकों में गोलीबारी और छूरेबाजी भी हुई है, जबतक पुलिस एक मामले के आरोपी को पकड़ती है तब तक दूसरा कांड हो जाता है। राजधानी के मोरहाबादी में हुए गैंगवार का हर्जाना अब भी यहां के दुकानदार भुगत रहे हैं। कुछ ऐसा ही न्यूक्लियस मॉल के समीप दुकान लगाने वालों के साथ भी हुआ है। यहां भी कुछ दिन पहले ही फायरिंग हुई थी। हथियार के साथ आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आकंड़ों की बात करें तो यह डराने वाले हैं। सिर्फ इसी महीने करीब 30 अपराधिक मामले रांची के अलग-अलग पुलिस थानों में दर्ज हुए हैं।

हाल की कुछ आपराधिक वारदात

30 मई : सुखदेव नगर थाना क्षेत्र स्थित गैलेक्सिया मॉल के समीप जमीन कोराबारी की गोली मारकर हत्या

23 मई: रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र स्थित इंद्रपुरी में गैंगवार। कुख्यात संदीप थापा समेत चार अपराधी गिरफ्तार।

18 मई : रांची के देवी मंडप रोड स्थित आदर्श ज्वेलर्स के संचालक उदय कुमार बर्मन से बाइक सवार अपराधियों ने हथियार के बल पर 4.70 लाख लूट लिये।

4 मई : डोरंडा थाना क्षेत्र की न्यू सचिवालय कॉलोनी में दुल्हन के घर के पास फायरिंग। दूल्हे के एक दोस्त की मौत।

04 अप्रैल: बेड़ो सब्जी बाजार में जमीन कारोबारी सह समाजसेवी बल्कु बड़ाईक पर फायरिंग, अपराधी गिरफ्तार

27 मार्च : रांची के बरियातू थाना क्षेत्र के चिरौंदी में फल बेचने वाली एक महिला की गोली मारकर हत्या।

27 मार्च : नोएडा के एक प्रॉपर्टी डीलर पर चुटिया इलाके में रात में फायरिंग।

22 अप्रैल: पिस्का मोड़ गैलेक्सिया मॉल के समीप फायरिंग, राहुल नामक युवक के सिर में लगी गोली।

20 मार्च : रांची के लोअर बाजार इलाके में युवक को गोली मार दी गई।

20 मार्च : रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में नसीम नामक युवक को गोली मार दी गई।

19 मार्च: रांची के पंडरा इलाके में नाबालिक लड़की की चाकू गोद-गोद कर हत्या।

18 मार्च: अशोक नगर में अपराधियों ने घर में घुसकर स्टेट बैंक के पूर्व डीजीएम की पत्नी की हत्या कर दी।

10 मार्च: रांची के ओरमांझी इलाके में अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की।

सभी मामलों में पुलिस गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है। कमल भूषण मामले में भी अनुसंधान जारी है। पुलिस को सफलता भी मिली है। मामले का जल्द खुलासा होगा।

-एसके झा, एसएसपी, रांची