रांची: राजधानी रांची को स्वच्छ और रमणीक बनाने के लिए नगर निगम ने नई पहल की है। अगर शहर में कहीं भी कचरा दिखता है तो एक नंबर पर फोन करें तुरंत गाड़ी आएगी और सफाई करेगी। स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर स्थान पाने की दिशा में रांची नगर निगम ने पहल शुरू कर दी है। चलो रांची को रमणीक बनाएं अभियान के तहत निगम 8 से 15 जनवरी तक एक विशेष अभियान चला रहा है। इसके तहत अगर किसी भी व्यक्ति को अपने वार्ड में किसी भी जगह कूड़ा दिखता है, तो वे 0651-2200011 पर फोन कर इसकी जानकारी दे सकते हैं। तत्काल ही निगम की टीम संबंधित क्षेत्र की सफाई करेगी। अभियान निगम के सभी 53 वार्डो में चलाया जाएगा।

चलो रांची को रमणीक बनाएं

बता दें कि चलो रांची को रमणीक बनाएं अभियान के तहत लंबे समय से विभिन्न जगहों में पड़े कचरे को उठानेके लिए शुक्रवार से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत निजी भूमि पर से भी कचरे का उठाव किया जाएगा। इसके लिए निगम के कई अधिकारियों को सफाई कार्यो के पर्यवेक्षण का काम सौंपा गया है। इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार प्रसार किया जाएगा। निगम के अधिकृत फेसबुक, इंस्टाग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया साइट पर अभियान की विशेष गतिविधियां हर दिन अपलोड की जाएंगी।

सभी जगह होगी सफाई

अभियान को लेकर नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने बताया कि राजधानी के कई ऐसे इलाके हैं, जहां पिछले कई महीनों या वर्षो से अधिकृत रूप से कचरे को फेंका गया है। हालांकि, नियमित तौर पर शहर की सफाई तो होती ही है, लेकिन ऐसी जगहों पर जमा कचरे की भी जिम्मेवारी निगम अपने ऊपर लेता है। नगर आयुक्त ने कहा कि ऐसे सभी जगहों को चिन्हित किए जाने की जरूरत है। अब वैसे स्थानों में विशेष अभियान चला कर सफाई की जा रही है। अगर शहरवासी साथ दें तो आगे भी इसे जारी रखा जाएगा। इससे स्वच्छता सर्वेक्षण में भी मदद मिलेगी।