रांची(ब्यूरो)। अब रांची नगर निगम के साथ शहर की पब्लिक सीधे कनेक्ट रहेगी। किसी भी तरह की समस्या हो, आप नगर निगम से डायरेक्ट कनेक्ट हो सकेंगे। जी हां, राजधानी के लोगों को अगर किसी भी तरह की परेशानी है तो उन्हें रांची नगर निगम कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। बर्थ या डेथ सर्टिफिकेट बनवाना हो, होल्डिंग नंबर या वाटर कनेक्शन लेना हो या फिर टैक्स जमा करना हो या फिर कोई अन्य समस्या हो व्हाट्सऐप व ईमेल से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। दरअसल, रांची नगर निगम देश के बड़े शहरों की तरह अपने शहर में नई सुविधाएं शुरू कर रहा है। रांची नगर निगम में शिकायत दर्ज करने के लिए अब लोगों के पास कई विकल्प होंगे। कंट्रोल रूम कम कनेक्ट सेंटर का निर्माण किया जाएगा। इसको लेकर ऐप लॉन्च किया जाएगा। इसके लिए वैसी एजेंसी का चयन किया जाएगा, जिनका बड़े शहरों में इस तरह का कार्य करने का अच्छा अनुभव रहा है।

फ ोन व ईमेल से कंप्लेन

रांची नगर निगम द्वारा एजेंसी का चयन करने के बाद यह काम शुरू कर दिया जाएगा। एजेंसी चयन करने की प्रक्रिया शुरू हो रही है। अभी शहर के लोग कंट्रोल रूम में फोन पर शिकायत दर्ज करते हैं, लेकिन कंट्रोल रूम से कनेक्ट सेंटर के सक्रिय हो जाने के बाद अभी लोग फोन से लेकर व्हाट्सएप और ईमेल पर भी अपनी समस्या यहां दर्ज करा सकते हैं। इस व्यवस्था के शुरू हो जाने से शहर के लोगों को नगर निगम तक अपनी परेशानी पहुंचाने में आसानी होगी।

विभागों से को-ऑर्डिनेशन

रांची नगर निगम के अधिकारी ने बताया कि कंट्रोल रूम कम कनेक्ट सेंटर शुरू हो जाने के बाद जो भी लोग शिकायत कंट्रोल रूम में भेजेंगे, उसे संबंधित शाखा को भेज दिया जाएगा। इसके अलावा उस पर क्या कार्रवाई हुई है, इसकी जानकारी संबंधित व्यक्ति तक पहुंचाई जाएगी। यहां सिर्फ लोगों की परेशानी ही दर्ज नहीं होगी, बल्कि रांची नगर निगम द्वारा आम जनों के लिए शहर में जितनी भी तरह की सर्विसेज दी जा रही है, इसके बारे में भी बताया जाएगा। पब्लिक को कोई समस्या आ रही है या किसी भी तरह की जानकारी है, उसे लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

डेली तैयार होगा डाटा

रांची नगर निगम द्वारा जो कंट्रोल रूम सह कनेक्ट सेंटर बनाया गया है, वहां कई लोगों को काम में लगाया जाएगा। रांची नगर निगम द्वारा जो प्लानिंग तैयार की गई है उसके अनुसार कनेक्ट सेंटर को लक्ष्य भी दिया जाएगा। रोज कितने लोगों को फ ोन करना है और कितने लोगों का फ ोन आया है। उनकी क्या-क्या समस्याएं हैं, उनकी समस्याओं को कहां भेजा गया है, और उन लोगों की समस्याओं का क्या स्टेटस है, कहां तक पहुंची हैं, इसकी रिपोर्ट और मॉनिटरिंग भी वहां से की जाएगी। इस नई व्यवस्था के प्रभावित होने के बाद शहर के लोगों को जितनी भी जरूरत की चीजें हैं उसके लिए कहीं भटकना नहीं पड़ेगा।

गुजरात के तर्ज पर होगा काम

रांची नगर निगम के अधिकारी ने बताया कि कनेक्ट सेंटर जल्द शुरू किया जाएगा। इसके लिए एजेंसी चयन का काम किया जा रहा है। इस काम के लिए एजेंसी चयन हो जाने में फरवरी महीने का समय लग जाएगा। उसके बाद यह शुरू हो जाएगा। गुजरात के अहमदाबाद में कंट्रोल रूम कम कनेक्ट सेंटर काम कर रहा है और उसी की तर्ज पर रांची नगर निगम में भी या व्यवस्था शुरू करने की तैयारी की जा रही है। रांची नगर निगम द्वारा इस देश के कई शहरों का अध्ययन भी कराया जा रहा है, जहां पहले से यह कनेक्ट सेंटर काम कर रहा है।

रांची में कंट्रोल रूम सह कनेक्ट सेंटर बनाया जाएगा, जहां से लोगों को अपनी समस्याओं का समाधान मिलेगा। देश के दूसरे नगर निगम में कैसे यह सेंटर काम कर रहा है। इसको स्टडी किया जा रहा है।

-अमित कुमार, प्रशासक, रांची नगर निगम