रांची(ब्यूरो)। नगर निगम अब हेल्प सेंटर के रूप में काम करेगा। सिटी में रहने वाले लोग किसी भी तरह की समस्या या सु़विधाओं के लिए किसी भी वक्त नगर निगम से संपर्क कर सकते हैं। सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे अपनी कंप्लेन दर्ज करा सकेंंगे। नगर निगम की ओर से इसके लिए ऑनलाइन सुविधा भी शुरू की गई है, जहां लोग 24 घंटे में किसी भी वक्त अपनी समस्या दर्ज करा सकेंगे। नगर निगम से संबंधित किसी भी समस्या के लिए निगम के किसी भी ब्रांच में कोई परेशानी होने पर पब्लिक अब किसी भी वक्त निगम से संपर्क कर सकेगी। काम में परेशानी होने पर कंट्रोल रूम के जरिए मार्गदर्शन के साथ इसका सॉल्यूशन भी मिल सकेगा। क्षेत्र में सफाई की समस्या हो या स्ट्रीट लाइट न जल रही हो, इसके अलावा जन्म-मृत्यु प्रमाण या ट्रेंड लाइसेंस से संबंधित कोई समस्या हो, यहां सपंर्क कर सकते हैं।

अवेयरनेस ड्राइव चलेगा

निगम क्षेत्र में सफाई समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर विशेष अवेयरनेस ड्राइव चलाया जाएगा, जिसमें आम जनों से संबंधित वार्ड में बहाल सुविधा की गुणवत्ता की भी जांच-परख करने की सुविधा हेल्प सेंटर की ओर से दी जाएगी। इस सिस्टम को लागू करने के पीछे नगर निगम का उद़देश्य काम में ट्रांसपेरेंसी लाना है। निगम के अधिकारियों ने बताया कि सिटी में रहने वाले लोगों को नियमित रूप से बेहतर सुविधा मिले, यही उद्देश्य है। लोगों को किसी तरह की कोई समस्या न हो, इसका भी बेहतर ख्याल रखा जाएगा। अक्सर देखा जाता है कि टैक्स की राशि जमा करने के लिए भी लोग परेशान रहते हैं। हेल्प सेंटर पर जाकर वे इस समस्या से भी निजात पा सकते हैं। अब तक शिकायत सिर्फ कंट्रोल रूम में दर्ज कराई जाती रही है, जहां शिकायत तो दर्ज होती थी, लेकिन इसका निराकरण नहीं हो पाता था। या इसमें काफी समय लग जाता था। लेकिन नई व्यवस्था में संबंधित शिकायतकर्ता को उनकी समस्या का समाधान होने पर भी कॉल करके जानकारी दी जाएगी। सेंटर के जरिए समय-समय पर ऑनलाइन जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। सहायता के तौर पर निगम की किसी भी शाखा से संबंधित काम, आवेदन जमा करने या फिर आगे की जानकारी हासिल करने की प्रक्रिया से आम पब्लिक को अवगत कराया जाएगा।

पब्लिक को होंगी सुविधाएं

हेल्प सेंटर खुलने से शहरवासियों को काफी सहूलियतें मिलेंगी। किसी भी तरह की समस्या पर शहरवासी कभी भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकेंगे। बताया जाता है कि निगम से संबंधित अगर कोई परेशानी है तो कंट्रोल रूम आपकी मदद करेगा। नए कंट्रोल रूम सह कनेक्ट सेंटर के जरिए शिकायत और समाधान के साथ सहायता की भी व्यवस्था बहाल रहेगी। अभी तक कंट्रोल रूम में केवल शिकायत दर्ज कराने की सुविधा थी। सेंटर के जरिए समय-समय पर ऑनलाइन जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। सहायता के तौर पर निगम की किसी शाखा से संबंधित काम, आवेदन जमा करने या फिर अपडेट जानकारी हासिल करने की प्रक्रिया से आमजन को अवगत कराया जाएगा।

हर साल 44 लाख खर्च

रांची नगर निगम के कंट्रोल रूम सह कनेक्ट सेंटर के संचालन पर हर वर्ष 44 लाख रुपए का खर्च आएगा। इसके लिए एजेंसी का चयन कर लिया गया है। एकरारनामा के लिए लेटर भी जारी हो गया है, जो पांच साल तक व्यवस्था की देखरेख करेगी। कुछ ही दिनों में एकरारनामा होते ही अहमदाबाद की चयनित कंपनी आदित्य माइक्रो सिस काम करना शुरू कर देगी। यह कंपनी अभी अहमदाबाद में अहमदाबाद स्मार्ट सिटी कारपोरेशन में कंट्रोल रूम सह कनेक्ट सेंटर का काम देख रही है। एजेंसी के काम शुरू करते ही तीन शिफ्ट में ऑनलाइन माध्यम से शहरवासियों की शिकायत दर्ज होगी। इसके लिए छह कर्मी 24 घंटे ड्यूटी पर उपलब्ध रहेंगे। वहीं, पांच कर्मी सॉफ्टवेयर बैकअप मोड के लिए और एक टीम लीडर होंगे।

सभी वार्डों का होगा सोशल ऑडिट

निगम के सभी 53 वार्ड का सोशल ऑडिट एजेंसी द्वारा किया जाएगा। इसके जरिए वहां रहने वाले लोगों से सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट व सफाई समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं की अपडेट जानकारी हासिल की जाएगी। हर वार्ड से मिले फीडबैक के जरिए यह तय करने में निगम को आसानी होगी कि सबसे पहले कहां और कितनी श्रम शक्ति के साथ काम करने की जरूरत है। कहां प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कार्य कराना जरूरी है।