रांची (ब्यूरो) । झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के आरएमसी उप समिति की बैठक चैंबर भवन में संपन्न हुई। होल्डिंग टैक्स पर कैबिनेट द्वारा लिये गये निर्णय पर प्रसन्नता जताते हुए कहा गया कि यह राहत भरा फैसला है। बैठक के दौरान भवन नियमितीकरण योजना पर भी वृहद् चर्चा की गई। अध्यक्ष किशोर मंत्री और आरएमसी उप समिति चेयरमेन अमित किशोर ने संयुक्त रूप से कहा कि नियमितीकरण योजना के जल्द प्रभावी होने से रा'यवासियों की वर्षों से जारी समस्या का समाधान संभव होगा। बैठक के दौरान अपर बाजार की यातायात समस्या के समाधान हेतु बकरी बाजार को पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने के साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए बाजार क्षेत्र में शौचालय निर्माण की आवश्यकता बताई गई।

किराया विवाद पर चर्चा

बैठक में बाजार टांड में निगम द्वारा आवंटित दुकानों के किराया विवाद के समाधान पर भी चर्चा हुई। कहा गया कि आवंटित दुकान में अतिरिक्त संरचना निर्माण के कारण किराया, ब्याज और उसपर फाइन की राशि जुड़ते-जुड़ते काफी अत्यधिक हो गई है जिस कारण यह मामला और भी जटिल हो गया है। आवश्यक है कि इस विवादित मामले के स्थाई समाधान के लिए निगम द्वारा किराया समाधान के रूप में लोकप्रिय योजना लाकर दुकानों को रेगुलराइज किया जाय।

कार्रवाई का आश्वासन

चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने अवगत कराया कि नगर आयुक्त ने इस मामले में साकारात्मक कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया है। बैठक में चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री, सह सचिव रोहित पोद्दार, आरएमसी उप समिति चेयरमेन अमित किशोर, सदस्य किशन अग्रवाल, अभिषेक कुमार, अशोक अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे।