RANCHI: स्वामी विवेकानंद के विचारों का जिक्र आते ही युवाओं में जोश और शक्ति का संचार होता है। समाज और देश के लिए कुछ करने के इच्छा होती है। स्वामीजी दुनियाभर के नौजवानों के प्रेरणास्रोत हैं। यह बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कही। वह रविवार को बड़ा तालाब के समीप पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित स्वामी विवेकानंद जयंती समारोह व राष्ट्रीय युवा दिवस समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने बड़ा तालाब के बीच स्थापित स्वामी विवेकानंद की आदमकद मूर्ति पर पुष्पांजलि कर उन्हें नमन किया। मौके पर रामकृष्ण मिशन के स्वामी भवेशानंद व स्वामी दिवाकर ने स्वामी विवेकानंद के गीत भी गुनगुनाए।

स्वामीजी के आदर्शो पर चलें

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामीजी मेरे भी प्रेरणास्रोत हैं। युवा उनके आदर्शो पर चलें। हर समाज व हर वर्ग के लिए दिए गए स्वामी विवेकानंद के संदेश को अपनाकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है। हमें इतिहास के पन्नों से सीखने की आवश्यकता है। स्वामी विवेकानंद ने अपने श्रेष्ठ विचारों से एक अलग पहचान बनाई। अपनी कार्यक्षमता के अनुरूप उन्होंने सिर्फ देश ही नहीं, दुनिया में अपनी अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने झारखंड का नाम भी कई चीजों को अंकित करते हुए दुनिया के समक्ष रखा। साथ ही अपनी पुस्तक में भी झारखंड का उल्लेख किया। उनकी संवेदनशीलता व त्याग उन्हें एक अलग पहचान देता है। सदियों तक यह पहचान बरकरार रहेगी। मौके पर मंत्री डॉ। रामेश्वर उरांव, पर्यटन विभाग के सचिव राहुल शर्मा, भवन निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार, खेल निदेशक अनिल कुमार सिंह, नगर आयुक्त मनोज कुमार, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपालजी तिवारी समेत कई उपस्थित थे।