रांची(ब्यूरो)। अल्बर्ट एक्का चौक से लेकर जेल चौक तक सड़क का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसी महीने निजी एजेंसी के साथ बैठक कर जुडको इस दिशा में ठोस निर्णय ले लिया जाएगा। दरअसल, जेल चौक के समीप ही राज्य का भव्य पार्क और म्यूजियम बिरसा मुंडा संग्रहालय बनाया गया है, जिसे अगले महीने से खोलने की तैयारी चल रही इसी को देखते हुए जेल चौक से लेकर अल्बर्ट एक्का चौक सड़क सौंदर्यीकरण और चौड़ीकरण करने का निर्णय लिया गया है, ताकि आने वाले सैलानियों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो। पार्क के बाहर भी खूबसूरती का पूरा ध्यान रखा जाएगा। रोड के दोनों साइड में स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। इसके अलावा प्लांटेशन भी किया जाएगा। रोड के दोनों साइड पौधे लगाए जाएंगे। पार्क तक पहुंचने में किसी तरह की कोई परेशानी न हो, इसका भी विशेष ख्याल रखा जाएगा। पैदल चलने वालों के लिए पाथ वे भी बनाने की योजना है। इस संबंध में ऑनलाइन टेंडर जारी किया गया है। बुधवार को टेंडर खोला जाएगा। सड़क का सिर्फ चौड़ीकरण ही नहीं, बल्कि इसे जगमगाने की भी योजना है। सड़क में स्ट्रीट लाइट के साथ-साथ रंग-बिरंगी लाइट लगेंगी। पार्क और म्यूजियम की दीवारों को भी सजाया जाएगा।

स्टेट से बाहर के भी आएंगे टूरिस्ट्स

भगवान बिरसा मुंडा स्मृति पार्क सह म्यूजियम जल्द ही आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी चल रही है। हालांकि इस संबंध में ट्रायल शुरू भी कर दिया गया है। हर रोज बड़ी संख्या में पर्यटक पार्क घूमने पहुंच रहे हैं। पार्क का संचालन करने की जिम्मेवारी निजी एजेंसी को दी जाएगी। लेकिन इसकीदेखभाल में होने वाले खर्च और टूरिस्ट की संख्या के बाद ही एजेंसी चयनित होगी। उसी आधार पर एंट्री टिकट भी तय किया जाएगा। फिलहाल पार्क के बाहर की स्थिति ठीक नहीं है। सामने में ही तालाब है जो हर वक्त गंदा रहता है। इसके अलावा पार्क की दीवार से सट कर ही हडिय़ा-दारु का बाजार लगता है। जहां पूरे दिन लोग बैठकर राइस बियर का सेवन करते हैं। ये सभी भी पार्क के आसपास से हटाए जाएंगे। पार्क के सामने ही नगर निगम ने अपना मिनी डंपिंग यार्ड भी बना रखा है। जुडको के एक पदाधिकारी ने बताया कि पार्क घूमने सिर्फ राज्य ही नहीं, बल्कि बाहर के पर्यटक भी यहां पहुचेंगे। इसी तर्ज पर पार्क को डेवलप किया गया है। 32 एकड़ में फैले पार्क और म्यूजियम का संचालन एक बड़ी जिम्मेवारी होगी। इसे देखते हुए ही जेल चौक, ईस्ट जेल चौक और पार्क तक आने वाली सड़कों को भी दुरुस्त करने की योजना है।

आसपास से हटेगा एनक्रोचमेंट

बिरसा स्मृति पार्क सह म्यूजियम तक जाने वाली सड़क के सौंदर्यीकरण के बाद इसकी रौनक और ज्यादा बढ़ जाएगी। लाइन टैंक तालाब से लेकर अल्बर्ट एक्का चौक तक सड़क की चौड़ाई कम है। इसकी चौड़ाई बढ़ाने के लिए आस-पास के अतिक्रमण भी हटाए जाएंगे। सड़क की चौड़ाई कम होने की वजह से अक्सर इस स्थान पर जाम लग जाता है। अल्बर्ट एक्का चौक से चडरी तालाब की ओर जाने वाली सड़क की ओर बने त्रिकोण को छोटा करके वहां चारों तरफ से अतिक्रमण हटाया जाएगा। यहां सरकारी जमीन पर संचालित रेस्टोरेंट को भी हटाया जाएगा। इसके अलावा बाईं ओर स्थित दुकानों के सामने बनी सीढ़ी और चबूतरे भी तोड़े जाएंगे। ताकि सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जा सके। जल्द ही सड़क का सर्वे कराकर इसका डिजाइन तैयार किया जाएगा।

ट्रायल के लिए खोला गया पार्क

बिरसा मुंडा स्मृति पार्क सह म्यूजियम ट्रायल के लिए खोल दिया गया है। सुबह 11 से शाम चार बजे तक कोई भी पार्क और म्यूजियम जाकर घूम सकता है। ट्रायल के दौरान यहां एंट्री फ्री है। हालांकि अभी लेजर शो और फांउटेन नहीं देख पाएंगे।