रांची (ब्यूरो): इन दिनों जब फेस्टिवल के मौके पर गाडिय़ों की डिमांड बढ़ी है। ऐसे में ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट का पोर्टल सर्वर स्लो हो गया है। इससे गाडिय़ों के नए रजिस्ट्रेशन से लेकर रिन्यूअल में भी परेशानी हो रही है। बीते 15 दिनों से ऐसी स्थिति बनी हुई है। इससे नए वाहनों के खरीदारों को ज्यादा परेशानी हो रही है। उन्हें वाहन के रजिस्ट्रेशन के लिए कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है। सिर्फ रांची ही नहीं बल्कि दूसरे जिलों में भी यही परेशानी देखी जा रही है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस समस्या को दूर किया जाएगा।

डीटीओ में होता है वेरीफाई

शोरूम से वाहन की डिटेल एंट्री के बाद परिवहन कार्यालय में इसे वैरिफाई किया जाता है। इसके अलावा अप्रूवल का भी काम इसी ऑफिस से किया जाता है। सर्वर स्लो होने से इसमें भी लेट लतीफी हो रही है। सर्वर धीमा होने से नए रजिस्ट्रेशन के साथ-साथ वाहन रिन्यूअल, नाम ट्रांसफर, फाइनेंस नाम हटाने समेत दूसरे कामों पर भी असर पड़ रहा है। सिर्फ रांची में करीब 5000 वाहनों का रजिस्ट्रेशन लंबित है। अधिकारियों का कहना है यह समस्या रांची से नहीं बल्कि आइटी एनआईसी से है। झारनेट और एनआईसी के लोग इसे ठीक करने में जुटे हैं।

बढ़ी गाडिय़ों की बिक्री

धनतेरस पर लोग अपनी मनपसंद कार, बाइक व स्कूटी की खरीदारी कर रहे हैैं। लोगों की पंसद को देखते हुए विभिन्न कंपनियों द्वारा एक से बढक़र एक ऑफर दिया जा रहा है। कंपनियां डाउन पेमेंट के साथ 95 परसेंट तक लोन की सुविधाएं दे रही हैं। स्क्रेच कार्ड, गिफ्ट से लेकर एक्सचेंज ऑफर भी दिया जा रहा है। सिटी के सभी शोरूम में ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। विभिन्न कंपनियों ने दोपहिया-चारपहिया वाहनों के नए-नए मॉडल भी लांच किए हैैं। शोरूम में ग्राहकों को सुविधाजनक फाइनेंस के साथ आकर्षक ऑफर भी दिए जा रहे हैं। ऑफर का फायदा उठाते हुए लोग धनतेरस के दिन के लिए प्री बुकिंग भी करा रहे हैैं।

वाहन पोर्टल के सर्वर में अपग्रेडेशन का काम चल रहा है। इसी वजह से परेशानी हो रही है। जल्द ही सब कुछ सामान्य हो जाएगा।

प्रवीण कुमार प्रकाश

डीटीओ, रांची