रांची(ब्यूरो)। सिटी में धड़ल्ले से देह व्यापार का धंधा चल रहा है और पिछले तीन दिनों से चल रही छापेमारी और पूछताछ में हर दिन पुलिस नए-नए खुलासे कर रही है। इस गैैंग से पूछताछ के दौरान बुधवार को पुलिस को एक किंगपिन का पता चला जिसे जेल भेज दिया गया है। इस किंगपिन की पहचान अमरजीत कुमार के रूप में की गई है जो एनएसयूआई से जुड़ा हुआ है।

मेट्रो की तर्ज पर

मेट्रो सिटी की तर्ज पर रांची में भी यह धंधा हाईटेक हो चुका है। अब घर बैठे-बैठे व्हाट्सअप पर ही पूरी डील हो जाती है। यह धंधा सोशल साइट्स के माध्यम से बेरोक-टोक चल रहा है। तरह-तरह की वेबसाइट, फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सअप की मदद से यह कारोबार फल-फूल रहा है और कस्टमर सेट होने के बाद होटलों में लड़कियां पहुंचाने का धंधा जारी है। ताजा मामला बरियातू और सदर थाना क्षेत्र का है। जिस्मफरोशी करने वाली लड़कियों को होटल पहुंचाया जा रहा है। सूचना के बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लगभग 10 लड़कियों को अरेस्ट कर जेल भेजा है जबकि पांच युवकों को भी जेल भेजा गया है।

नए-नए होटल

हाल के दिनों में ओयो होटल की बाढ़ सी आ गई है। लोग ज्यादा पैसे कमाने की चाहत में अपने मकान और होटल ओयो को दे रहे हैं। दरअसल, ओयो होटल कपल्स के लिए फेवरिट प्लेस हैं। क्योंकि उनके लिए यह सुरक्षित स्थान है। ओयो के ऐप से घर बैठे ही कमरे की बुकिंग हो जाती है। इसी का फायदा उठाकर बिचौलिये और सेक्स वर्कर्स ने ओयो होटल को देह व्यापार का अड्डा बना लिया है। सुबह से लेकर रात के अंधेरे में ओयो से जुड़े होटलों में काले कारनामों को अंजाम दिया जा रहा है। रांची के सीनियर एसपी चंदन कुमार सिन्हा भी इस बात को स्वीकार करते हैं कि ओयो होटल में इस तरह के गंदे काम हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि ओयो होटल में स्कूली लड़के-लड़कियों के भी जाने की सूचना मिली है, जो बेहद गंभीर है।

मसाज पार्लर व स्पा सेंटर भी

ओयो होटलों में नशे से लेकर जिस्मफरोशी के धंधे तक को अंजाम दिया जा रहा है। यहां शाम होते ही नशेडिय़ों और जिस्मफरोशी करने वालों का जमावड़ा लगता है। इस गोरखधंधे में पुरुष के साथ-साथ महिला और बिचौलिए भी शामिल हैं। फर्राटेदार अंग्रेजी, ब्रांडेड गॉगल्स और महंगे डिजाइनर कपड़े पहनी इन युवतियों पर शक नहीं किया जा सकता कि ये जिस्मफरोशी का धंधा करती होंगी। शहर के ज्यादातर ओयो होटल, मसाज पार्लर और स्पा सेंटर जिस्मफिरोशी का अड्डा बने हुए हैं। राजधानी के मसाज पार्लर और स्पा सेंटर में भी जिस्म का कारोबार हो रहा है।

आईडी की दरकार नहीं

व्हाट्सएप और इंटरनेट के जरिए संपर्क किया जाता है। अगर ग्राहक युवती को होटल के कमरे में ले जाना चाहता है तो यह राशि कई गुना बढ़ जाती है। देह व्यापार का धंधा चलाने वाले बिचौलिए पैसा कमाने के लालच में लड़कियों को बुलाते हैं। यहां पूरा खेल होटलों में चलता है। होटल की अपनी सेटिंग होती है। जब ये लड़कियां किसी लड़के को लेकर होटल पहुंचती हैं तो किसी तरह की आईडी की जरूरत नहीं होती। जबकि बिना आईडी होटल में ठहरना गैरकानूनी है। होटल मालिक पर कार्रवाई भी हो सकती है। लेकिन कार्रवाई नहीं होने का ही नतीजा है कि धड़़ल्ले से यह धंधा चल रहा है।

बिचौलिए व होटल को मोटी रकम

ओयो होटल में काम करने वाले एक कर्मचारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि यह धंधा लंबे वक्त से चल रहा है। यह कभी बंद नहीं हो सकता। क्योंकि इस खेल में कई बड़े दिग्गज भी शामिल हैं। उसने बताया कि सेक्स वर्कर्स अगर किसी ग्राहक को 4 से 5 हजार रुपए के रेट में लाती हैं तो इसका एक हिस्सा होटल और एक हिस्सा बिचौलिए को चला जाता है। 60 परसेंट रकम होटल और बिचौलिए को चला जाता है, 40 परसेंट हिस्सा लड़की को मिलता है। राजधानी रांची में सेक्स वर्कर के रूप में काम करने वाली ज्यादातर लड़कियां वेस्ट बंगाल और बांग्लादेश की हैं। इसके अलावा लोकल लड़कियां भी इस धंधे में शामिल हैं।

व्हाट्सअप पर सबकुछ

सेक्स से पहले पूरी डील व्हाट्सअप पर ही हो जाती है। सेक्स वर्कर्स की तस्वीर बिचौलिए व्हाट्सअप पर कस्टमर्स को भेजते हैं। लड़की पसंद आने पर उसका रेट बताया जाता है। डील फाइनल होने के बाद बिचौलिया द्वारा बताए गए स्थान पर लड़की को भेज दिया जाता है।

ओयो होटल की काफी शिकायतें सामने आई हैं। सभी थाना प्रभारियों को उनके इलाके में पडऩे वाले ओयो होटल पर विशेष नजर रखने का आदेश दिया गया है।

-चंदन कुमार सिन्हा, एसएसपी, रांची