रांची : विश्वनाथ शिव मंदिर, पिस्का मोड़ में इस बार भी महाशिवरात्रि पर 14 फरवरी को शिव बरात का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसकी तैयारी जोर-शोर से चल रही है। इसे लेकर गुरुवार को शिव बरात स्वागत समिति की बैठक अध्यक्ष शैलेश्वर दयाल सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें बरात के स्वागत और महादेव के विवाह का भव्य आयोजन करने का निर्णय लिया गया। शैलेश्वर दयाल सिंह ने बताया कि शिव बरात पहाड़ी मंदिर से निकल कर शहर का भ्रमण करते हुए देर शाम यहां आएगी। सराती बन श्रद्धालु पुष्प वर्षा कर बरातियों का स्वागत करेंगे। जयमाला के बाद भोले बाबा का विवाह होगा। भजन-संकीर्तन और मनोहारी झांकी भक्तों को लुभाएगी। कलाकार शिव विवाह प्रसंग से संबंधित नृत्य नाटिका का जीवंत मंचन भी करेंगे। उन्होंने बताया कि मंदिर की साज-सज्जा का काम तेजी से चल रहा है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए समिति गठित की गई है। समिति के सदस्य और पदाधिकारियों के साथ स्थानीय निवासी इसके सफल आयोजन में तन-मन और धन से लगे हैं। शैलेश्वर दयाल सिंह ने जाति और वर्ग का भेद छोड़कर सभी भक्तों से इसमें बढ़-चढ़ कर भागीदारी निभाने की अपील की है।