-पंडरा के बनहोरा में दिनदहाड़े फायरिंग, दो दोस्त हुए जख्मी

-राजेश तिर्की व लक्ष्मण तिर्की का अस्पताल में चल रहा इलाह

-बाइक से आए दो शूटर कांड को अंजाम देकर फरार

RANCHI(19 March): राजधानी रांची में अपराधी फिर बेलगाम हो गए हैं। पुलिस केवल मीटिंग करने में व्यस्त है, वहीं अपराधी बड़े आराम से कांड को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला रांची के पंडरा थाना क्षेत्र का है, जहां अपराधियों ने दिनदहाड़े दो युवकों को गोली मार दी। स्थानीय लोगों ने राजेश और लक्ष्मण को आनन-फानन में नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। कोतवाली डीएसपी भोला प्रसाद सिंह ने बताया कि लक्ष्मण तिर्की का इटकी रोड में गैराज है। उसका गैराज व जमीन संबंधी विवाद पहले से ही परिवार में चल रहा है। पुलिस उन अपराधियों की तलाश कर रही है, जिसने फायरिंग की है।

घर के पास बात कर रहे थे दोनों

मिली जानकारी के अनुसार, रांची के पंडरा थाना क्षेत्र स्थित बनहोरा के रहने वाले राजेश तिर्की और लक्ष्मण तिर्की अपने घर के बाहर खड़े होकर बात कर रहे थे। तभी बाइक पर सवार हेलमेट पहने दो अपराधी आए और दोनों को टारगेट कर अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। इस फायरिंग में राजेश और लक्ष्मण दोनों को गोलियां लगी और वे वहीं गिर पड़े। जब तक आसपास के लोग पहुंचते तब तक दोनों डालटनगंज जाने वाली सड़क की तरफ फरार हो गए।

ठेकेदार हैं राजेश व लक्ष्मण

राजेश और लक्ष्मण नगर निगम में ठेकेदारी का काम करते थे। स्थानीय लोगों ने राजेश और लक्ष्मण को आनन-फानन में नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही रांची एसएसपी कुलदीप द्विवेदी सहित कई अधिकारी मौका-ए-वारदात पर पहुंचे और मामले की तहकीकात में जुट गए। रांची एसएसपी घायलों को देखने अस्पताल भी पहुंचे। हालांकि अब तक दोनों का कोई बयान पुलिस नहीं ले सकी है।

लगातार वारदातों से दहली रांची

गौरतलब हो कि रांची में इन दिनों हत्याओं का दौर सा चल पड़ा है। रांची पुलिस से अभी एक मामला समझ नहीं पा रही है कि दूसरा मामला सामने आ जा रहा है। हाल ही में इन वारदातों पर रोक लगाने के लिए रांची रेंज के आईजी नवीन कुमार सिंह ने एक हाई लेवल मीटिंग की थी, लेकिन पुलिस पर उसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा, क्योंकि रांची में अपराधियों का सिलसिला पहले की तरह ही जारी है।