RANCHI : सुखदेवनगर पुलिस ने रातू रोड स्थित टेंट हाउस ओनर दिनेश कुमार चौधरी से 25 लाख रंगदारी मांगने के आरोप में विपुल चौधरी नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया है। इसी मामले में दो अन्य लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। अपर बाजार के एक दुकान में काम करने वाले विपुल ने पुलिस के समक्ष रंगदारी मांगे जाने की बात से इंकार किया है। हटिया एएसपी अंशुमान कुमार ने कहा कि बिजनेसमैन से रंगदारी मांगे जाने के मामले की छानबीन जारी है। इसमें और किन-किन लोगों का हाथ है, जल्द ही पर्दाफाश कर लिया जाएगा।

बहनोई पर भी जताई आशंका

कारोबारी दिनेश चौधरी ने कुछ दिन पहले टेंट हाउस में काम करने वाले कुछ कर्मियों को निकाल दिया था। पुलिस को आशंका है कि फोन पर रंगदारी मांगे जाने के पीछे इन्हीं कर्मियों का हाथ हो सकता है। इसकी छानबीन चल रही है। इधर, दिनेश चौधरी ने इस मामले में अपने बहनोई प्रमोद पर भी शक जताया है। ऐसे में सुखदेवनगर पुलिस ने उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। लेकिन, पीआर बांड पर उन्हें बाद में छोड़ दिया गया।

तीन दिन पहले आया था कॉल

दिनेश चौधरी का रातू रोड में टेंट हाउस है सात दिसंबर को उनके मोबाइल फोन पर रंगदारी मांगे जाने को लेकर कॉल आया था। शुरू में उन्होंने इसे इग्नोर कर दिया, लेकिन उसके बाद से लगातार कॉल आने लगा। कॉलर ने 25 लाख रंगदारी नहीं मिलने पर हत्या करने की भी धमकी दी। ऐसे में सुखदेवनगर थाने में आकर उन्होंने इसकी जानकारी दी और अननोन कॉलर के खिलाफ रंगदारी मांगे जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई। कॉलर की धमकी के बाद पुलिस ने दिनेश कुमार की सुरक्षा बढ़ा दी गई।