रांची (ब्यूरो)। आरयू एनएसएस के समन्वयक व वीमेंस कॉलेज एनएसएस यूनिट की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। मौके पर खुशबू झा मोटिवेशनल स्पीकर सह सेंट थॉमस स्कूल की शिक्षिका), सौरभ झा व रांची वीमेंस कॉलेज के दर्शनशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ गीता सिंह ने विचार रखे। सबसे पहले डॉ कुमारी उर्वशी ने अतिथियों का पौधा देकर स्वागत किया। स्वागत वक्तव्य डॉ सुरभि श्रीवास्तव ने दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ कुमारी भारती सिंह ने किया।

एक समय में एक कार्य

खुशबू झा ने कहा कि अपनी कार्य क्षमता से अधिक एकसाथ कई कार्य करने की इच्छा की वजह से व्यक्ति अपने लक्ष्य पर फोकस नहीं कर पाता है, इसलिए एक समय में एक ही कार्य पर फोकस करते हुए जीवन में सफलता हासिल करें। डॉ गीता सिंह ने कहा कि अगर आप अपने जीवन में सफल होना चाहते है तो सबसे पहले अपने आप को पहचानें की आप कौन हैं और आप क्या कर सकते है, आपके अंदर पहले से एक सफल व्यक्ति है जिसे आप बाहर नहीं निकाल पा रहे है, उसे आप तब निकाल सकते है जब आप अपनी प्रतिभा और अपने टैलेंट को पहचान सकोगे, आप जिस दिन अपने टैलेंट को पहचान लेंगे आप अपने जीवन में सफल बन जायेंगे।

डरें नहीं, कदम बढ़ाएं

डॉ ब्रजेश कुमार ने कहा कि अगर आपको अपने जीवन में सफलता हासिल करनी है तो सिर्फ कदम बढ़ाने की देर है। अगर आप डरेंगे तो आप कदम नहीं बढ़ा पाएंगे, और अगर आप सफलता पाने के लिए कदम नहीं बढ़ाएंगे तो सफलता कभी नहीं मिलेगी। सौरभ झा ने कहा कि हमारे जीवन में निरंतर कई तरह की लड़ाइयां चलती रहती हैं। पारिवारिक और व्यावसायिक, शांति और कलह, आदि। हम किसी में निपुण नहीं हो सकते, लेकिन इसे हम कैसे हैंडल करते हैं, यह हमारी सफलता को सुनिश्चित करती है। रांची वीमेंस कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना, इकाई एक की कार्यकर्ता, राजनीति शास्त्र की छात्रा पल्लवी कुमारी को सर्वश्रेष्ठ कार्यकर्ता की ट्रॉफी डॉ ब्रजेश कुमार द्वारा सौंपी गई। धन्यवाद ज्ञापन डॉ कुमारी उर्वशी द्वारा किया गया।