RANCHI:पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के बूटी जलागार से बीस लाख के उपकरणों की चोरी कर ली गई है। घटना तब अंजाम दी गई जब गोदाम में ताला लगा था। चोरी की जानकारी होते ही पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में हड़कंप मच गया है। इसे लेकर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के एसडीओ की ओर से सदर थाने में एफआइआर दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों का पता लगा लिया जाएगा।

एसडीओ ने पुलिस को दी जानकारी

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के एसडीओ ने पुलिस को बताया है कि 23 नवंबर को जलागार से वीसीबी के कीमती उपकरणों की चोरी कर ली गई है। जलापूर्ति के काम में ये उपकरण बेहद अहम माने जाते हैं। चोरी का पता चलने के बाद विभाग ने पहले अपने तरीके से घटना का पता लगाने की कोशिश की पर मामले का पता नहीं चल सका। इसके बाद ही विभाग ने पुलिस को मामले से अवगत कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

चाभी रखने वाले चार कर्मियों पर शक

23 नवंबर को एक कर्मी ने जब जलागार के गोदाम पहुंचकर ताला खोला तो देखा कि अंदर पूरा सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद कर्मियों ने अवलोकन किया तो पता चला कि 20 लाख का सामान गायब है। शुरुआत में सभी ने मिलकर यह जानकारी जुटाने का प्रयास किया कि आखिर ताला बंद होने के बाद भी गोदाम से सामान कैसे गायब हो गया है। हालांकि काफी प्रयास के बाद भी यह जानकारी नहीं मिल पाई कि चोरी कैसे हुई है। इसके बाद एसडीओ ने मामले की जानकारी पुलिस को दी और लिखित शिकायत की। पुलिस जांच में इस बात की जानकारी मिली है कि गोदाम की चाभी चार लोगों के पास रहती थी। अब पुलिस उन सभी से पूछताछ करेगी जिनके पास गोदाम की चाभी थी।