--200 मीटर की दूरी पर खड़ी थी पीसीआर, बावजूद चोरों ने दिखाया दुस्साहस

रांची : कांटाटोली-नामकुम रोड स्थित एक घर को बेखौफ चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने गुरुवार की सुबह चार बजे के बाद चोरी की घटना को अंजाम दिया। तब घर में परिवार के लोग सो रहे थे। अपराधियों ने घर से 1.10 लाख रुपये नकद, जेवरात, मोबाइल, बक्सा, सहित अन्य सामान चुरा लिए। जबकि घटनास्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर हमेशा पीसीआर खड़ी रहती है। गुरुवार की सुबह भी पीसीआर खड़ी थी। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। हालांकि चोरों के संबंध में कोई सुराग नहीं मिला है।

दरवाजे से घुसे चोर

जिस घर में चोरी हुई है, वह नसीम कुरैशी का है। नसीम कुरैशी की घर से कुछ ही दूरी पर चाय की दुकान है। वे सुबह चार बजे उठकर दुकान खोलने के लिए निकल गए थे। बाहर का दरवाजा वे हर दिन की तरह सटाकर गए थे। उसी दरवाजे से चोर घुसे और चोरी कर ली।

परिचित के हाथ होने की आशंका

आशंका जताई जा रही है कि चोरी में किसी परिचित का हाथ होने की आशंका है। चूंकि हर दिन नसीम घर से चार बजे निकलते हैं, उसी समय चोरों ने घर को निशाना बनाया। ठंड होने की वजह से परिवार के अन्य सदस्य कंबल ओढ़कर सो रहे थे, चोरों ने इसका भी फायदा उठाया गया।