RANCHI : कड़ाके की ठंड से रांची ठिठुर रही है। ठंड अब जिंदगी पर भारी पड़ रही है। सोमवार को ठंड लगने से सिर्फ रांची जिले में दो महिलाओं की जान चली गई। मृतकों में कांके ब्लॉक के पिठोरिया थाना क्षेत्र के कोयनारबेड़ा निवासी बसंती देवी (46 वर्ष) और इटकी प्रखंड के महुआटिकरा कटहर टोली निवासी मंगरी उराइन (55) शामिल हैं। इधर, तापमान में गिरावट के साथ कनकनी काफी बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, मौसम विभाग की मानें तो अभी शीतलहरी का प्रकोप जारी रहेगा। 12 जनवरी तक ठंड का प्रकोप रहेगा।

लगातार गिर रहा पारा

पश्चिमी असम और बंगलादेश के ऊपरी क्षेत्रों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और उत्तर-पश्चिम से 1.5 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आने वाली ठंडी हवाओं का असर रांची में दिख रहा है। पिछले कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। सोमवार को कांके में तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, वहीं मैक्लुस्कीगंज में तापमान शून्य डिग्री तक पहुंच गया। जबकि,रांची का न्यूनतम तापमान 6.1 और अधिकतम 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

पिठौरिया में महिला ने तोड़ा दम

कांके प्रखंड के पिठोरिया थाना क्षेत्र के कोयनारबेड़ा निवासी बसंती देवी (46) की मौत ठंड लगने हो गई। पति सुकरा उरांव ने बताया कि शनिवार रात बसंती को ठंड लग गई। रविवार की सुबह से उसे उल्टी व दस्त होने लगा, यह लगातार जारी रही। शाम चार बजे उसने दम तोड़ दिया।

पहनने को गर्म कपड़ा नहीं

लोगों ने बताया कि गरीब सुकरा के पास परिजनों को पहनाने के लिए ढंग का कपड़ा भी नहीं था। इसके अलावा घर में खाने के लिए अनाज भी नहीं था। उसे प्रखंड कार्यालय से भी आज तक कोई मदद नहीं मिली। इधर, सूचना पर फोन पर विधायक डॉ। जीतूचरण राम ने पीडि़त परिवार को मदद का भरोसा दिलाया है।

जबतक ले जाते हॉस्पिटल, हो गई मौत

इटकी प्रखंड के महुआटिकरा कटहर टोली में 55 वर्षीया महिला मंगरी उराइन की मौत सोमवार को ठंड लगने से हो गई। बताया जाता है कि शाम चार बजे वह खेत से मजदूरी करके लौटी थी। अचानक वह कंपकंपाने लगी। ग्रामीण तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे, पर रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।