रांची(ब्यूरो)। साल 2023 में कुछ ही दिन बचे हैं। इसके बाद 2024 शुरू हो जाएगा। नए साल में लोग टूरिस्ट स्पॉट्स पर जाना पसंद करते हैं। लेकिन, राजधानी रांची के टूरिस्ट स्पॉट्स सेफ नहीं है। सिटी के पर्यटन स्थलों में यदि आप घूमने आ रहे हैं तो आपको अपनी सुरक्षा खुद करनी होगी। जी हां, साल का अंतिम महीना गुजर रहा है। ऐसे में लोगों ने अपने दोस्तों या फैमिली के साथ घूमने जाने का प्लान बनाना शुरु कर दिया है। यहां तक की टूरिस्ट स्पॉट पर लोगों की भीड़ दिखने लगी है। लेकिन प्रशासन की ओर से पर्यटन स्थलों पर कोई तैयारी नहीं की गई। हाल में बाइक लूट की घटना ने पुलिस के सुरक्षा दावों की सभी पोल खोल दी है। घटना के बाद भी पुलिस विभाग की नींद अबतक नही खुली है। आए दिन पर्यटन स्थलों पर लड़कियों के साथ छेड़छाड़ और छिनतई की घटना सामने आ रहे है। सिटी के प्रमुख पर्यटन स्थल जहां सबसे ज्यादा टूरिस्ट पहुंचते है घूमने, वहां की भी सुरक्षा व्यवस्था नाकाफी है।
रेप जैसी वारदात
धुर्वा डैम के आसपास कई बार लड़कियों के साथ बदतमीजी की भी शिकायतें मिली हैं, इसी स्थान पर बीते महीने दो लड़कियों के साथ रेप जैसी वारदात को अंजाम दिया गया। फिर भी प्रशासन मौन है। राजधानी रांची के 20 किमी रेडियस में स्थित पर्यटन स्थल जैसे धुर्वा डैम, कांके और रुक्का डैम, टैगोर हिल, ब्लू पॉड समेत दर्जनों पर्यटन स्थल हैं जहां हर दिन पर्यटक आते हैं। लेकिन यहां सुरक्षा व्यवस्था नाम मात्र भी नहीं है। सुरक्षा के नाम पर पुलिस तो छोडि़ए, सिक्योरिटी गार्ड भी नहीं है। दूर-दूर तक सीसीटीवी कैमरा का नामोनिशान नहीं है। सिटी में स्थित पतरातू वैली ऐसा पर्यटन स्थान है, जहां हर दिन सैकड़ों लोग घूमने आते हैं। इसके बावजूद इस टूरिस्ट स्पॉट पर सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है।
यूथ ज्यादा आते हैं
सिटी के वाटर फॉल हों, डैम, पांड या कोई पार्क ही क्यों न हो। हर जगह यूथ टूरिस्ट सबसे ज्यादा होते हैं। इनमें लड़के और लड़कियां दोनों शामिल हैं। राजधानी स्थित कुछ पार्क को छोड़ दिया जाए तो अन्य कोई भी पर्यटन स्थल लड़कियों के लिए सुरक्षित नहीं है। छेड़छाड़ जैसी वारदात अक्सर इन स्थानों में उनके साथ होती रहती है। लेकिन पुलिस कर्मी के मौजूद नहीं होने से पीडि़त लड़कियां किसी से इसकी शिकायत भी नहीं कर पाती हैं।
स्पॉट 1
धुर्वा डैम : राजधानी के पर्यटन स्थलों में धुर्वा डैम भी शामिल है। यहां डैम किनारे बैठ कर वक्त गुजारना हर किसी को पसंद है। लेकिन यह इलाका सुरक्षित नहीं है। यहां कई बार लड़कियों के साथ छेड़छाड़ और छिनतई हो चुकी है। अब भी यहां सुरक्षा का घोर अभाव है।

स्पॉट टू
टैगोर हिल : टैगोर हिल में काफी संख्या में यूथ आते हैं। लेकिन सुरक्षा के नाम पर सिक्योरिटी गार्ड भी नहीं है। टैगोर हिल में लगा सीसीटीवी कैमरे को भी अपराधियों ने डैमेज कर दिया है। यहां भी लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की शिकायतें आती रहती हैं।

स्पॉट 3
ब्लू पांड : हाल के वर्षों में ब्लू पांड नामक टूरिस्ट स्पेस के रूप में उभरा है। यहां कई ब्लॉगर ब्लॉग भी बनाने आते हैं। लेकिन अपराधियों द्वारा उनके मोबाइल फोन ही लूट लिये जा रहे हैं। सुरक्षा के नाम पर इस स्थान में कुछ नहीं है।

स्पॉट 4
पतरातू वैली : पर्यटन स्थलों में सबसे मनोरम स्थान पतरातू वैली है। हर दिन सैकड़ों लोग यहां घूमने आते हैं। यहां भी सुरक्षा का घोर अभाव है। सिर्फ पुलिस के फोन नंबर दे दिए गए हैं। पुलिस का एक कर्मचारी भी नजर नहीं आता।

स्पॉट 5
रुक्का डैम : नए साल में पिकनिक मनाने इस स्थान में हजारों लोग आते हैं। सामान्य दिनों में भी लोग यहां आना चाहते हैं। लेकिन इस इलाके में सुरक्षा की कमी के कारण लोग आना पंसद नहीं कर रहे हैं। कई बार लूटपाट और छिनतई को अंजाम दिया गया है।