रांची : रांची जेल से कहीं ज्यादा बाल सुधार गृह पुलिस-प्रशासन को परेशान कर रहा है। यहां कभी शराब पार्टी होती है तो कभी नशीला सामान मिलता है तो कभी बाहर से फेंका जाता है। इस तरह डूमरदगा बाल सुधार गृह हमेशा सुर्खियों में रह रहा है। इसबीच सोमवार को डूमरदगा स्थित बाल सुधार गृह से दो बाल बंदी फरार हो गए हैं। इनकी फरारी इलाके के डीएसपी और थानेदार को खुली चुनौती देने वाली है। चूंकि सोमवार को बाल सुधार गृह से सदर डीएसपी प्रभात रंजन बरवार और इंस्पेक्टर बेंकटेश कुमार बाल सुधार गृह में चिकेन फेंकने के मामले की जांच कर निकले थे। इनके निकलने के ठीक एक घंटे बाद बाल दो बाल कैदी फरार हो गए।

तीन बजे भाग निकले दो बाल कैदी

जानकारी के अनुसार 1:53 बजे सदर डीएसपी प्रभात रंजन बरवार और सदर थानेदार बेंकटेश निकले हैं। इनके निकलकर लौटने के बाद ही खबर आई करीब करीब तीन बजे दो बाल कैदी वहां के पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गए। बाद में फिर डीएसपी और थानेदार पहुंचे और छानबीन की। इसके बाद अलग-अलग टीमें वहां से छापेमारी के लिए निकली। हालांकि खबर लिखे जाने तक दोनों बाल कैदी नहीं पकड़े जा सके हैं।

25 सुरक्षाकर्मियों को दिया चकमा

करीब 17 वर्ष के दोनों बंदी 20 फीट ऊंची दीवारें फांदकर और 25 सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर फरार हुए हैं। भागने के लिए दोनों ने बंदियों को मिलने वाली कंबल का इस्तेमाल किया। चार से पांच कंबल को एक दूसरे से बांधकर रस्सीनुमा बनाया। इसके बाद पिछली दीवार में फांसकर दोनों फरार हो गए। इनके फरार होते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

दूसरा इसी साल पकड़ा गया था

फरार हुए बाल बंदियों में एक ने सुखदेवनगर इलाके में बीते तीन फरवरी 2020 को अंकुश शर्मा की मारपीट कर हत्या कर दी थी। बहन का पीछा करने की वजह से उसे मार डाला गया था। घटना के तीन दिन बाद ही फरार नाबालिग सहित तीन नाबालिग छह फरवरी 2020 को पकड़े गए थे। जबकि दूसरा फरार बाल बंदी डोरंडा इलाके में झपटमारी का आरोपित रहा है। इसे वर्ष 2021 में ही जेल भेजा गया था। वह डोरंडा के अलावा अन्य इलाकों में भी झपटमारी कर चुका है।

हमेशा चर्चा में रहा है बाल सुधार गृह

रांची का बाल सुधार गृह लगातार चर्चे में है। इसी महीने पुलिस की टीम ने दो बार छापेमारी की। जिसमें चाकू से लेकर नशे के समान बरामद किए गए थे। रांची के बाल सुधार गृह के शराब पार्टी की वीडियो भी वायरल हुई थी। मामले में रांची के एसएसपी ने कार्रवाई करते हुए वहां मौजूद 15 सुरक्षाकर्मियों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया था। लेकिन इसके बावजूद मात्र 6 दिन बाद ही जब पुलिस की टीम ने बाल सुधार गृह में छापेमारी की तो वहां से भारी मात्रा में नशे के समान मिले थे। इससे पहले मोबाइल भी बरामद हो चुके हैं।

इस मामले में की जांच करने गए थे डीएसपी

दो दिन पहले बाल सुधार गृह में बाहर से चिकेन बनाकर फेंका गया था। इसपर वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने चिकेन फेंकने वाले को दबोच लिया था। इसी मामले की छानबीन के लिए सदर डीएसपी व थानेदार पहुंचे थे। इस मामले में सदर थाने में बाल सुधार गृह में तैनात सुरक्षाकर्मियों की ओर से सदर थाने में एफआइआर दर्ज कराई गई है।

एक बाल कैदी ने काट लिया हाथ

बाल सुधार गृह में सोमवार को एक और घटना हुई है। जहां एक बाल बंदी ने अपना हाथ काट लिया और वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों पर आरोप लगा रहा था। हालांकि बाल सुधार गृह में तैनात पुलिसकर्मी बाल बंदी को इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया।

बाल बंदियों के फरार होने के बाद इनका पता लगाया जा रहा है। हर संभावित ठिकाने पर छापेमारी की जा रही है। एक हत्या के केस में, दूसरा लूट के केस में रिमांड होम में बंद था।

प्रभात रंजन बरवार, डीएसपी सदर रांची।