रांची(ब्यूरो)। हम शपथ लेते हैं कि रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाएंगे और बारिश के पानी को बचाएंगे। यह शपथ सिटी के युवाओं, नगर निगम के कर्मियों, जुडको के कर्मचारियों, रांची यूनिवर्सिटी कॉमर्स डिपार्टमेंट के टीचर्स व स्टूडेंट्स ने गुरुवार को ली। मौका था दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की ओर से हफ्ते भर से चलाए जा रहे बारिश का पानी बचाओ यारो अभियान के आखिरी दिन शपथ कार्यक्रम का, जहां सभी ने एक सुर में कहा कि जल ही जीवन है। हमें अपनी अगली पीढ़ी के लिए पानी बचाना ही होगा। इसके लिए आवासीय हो या कॉमर्शियल कैंपस, हर हाल में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाएंगे और बारिश का पानी बचाएंगे। लोगों ने कहा कि अभी बारिश हो रही है तो मौका है पानी बचाने का। वरना गर्मी के दिनों में कहां से पानी लाएंगे। शपथ लेने वालों में सिटी के बुद्धिजीवि लोगों के अलावा सरकार और गैर सरकारी कर्मी भी शामिल हैं।
जुडको कर्मियों में दिखी तड़प
जुडको के कर्मचारियों ने अपने घर और ऑफिस कैंपस में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की शपथ ली। परियोजना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र की अध्यक्षता में सभी कर्मचारियों ने न सिर्फ शपथ ली, बल्कि रेन वाटर हार्वेस्टिंग के प्रति दिलचस्पी भी दिखाई। एक महिला कर्मचारी ने बताया कि वह अपने घर के आंगन में इसका काम शुरू करा चुकी हैं। वहीं अन्य कर्मियों ने भी जल्द इस प्रणाली को अपनाकर वर्षा जल संरक्षण की बात कहीं। परियोजना निदेशक अरविंद मिश्र ने कहा कि पानी का संकट विकराल रूप लेता जा रहा है। इसके बचाव के लिए हम सभी को अभी से ही कदम उठाने की जरूरत है। रेन वाटर हार्वेस्टिंग इसका सबसे बेहतर उपाय है।
एसएचजी कर्मियों की दिलचस्पी
नगर निगम में पदाधिकारी से ज्यादा यहां के कर्मचारी ज्यादा अवेयर है। कर्मचारियों ने न सिर्फ रेन वाटर हार्वेस्टिंग लगाने के लिए शपथ ग्रहण ली बल्कि यह क्या होता है, कैसे काम करता है इसकी जानकारी भी प्राप्त की। एसएचजी की महिलाएं बड़ी संख्या में शपथ ग्रहण में शामिल हुई। महिलाओं ने कहा कि अपने घर में इस सिस्टम को जरूर लगाएंगी। साथ ही घर-घर जाकर इसके लिए लोगों को अवेयर भी करेंगी। दो महिला कर्मी ऐसी भी मिली जिन्होंने पहले से ही अपने घर में हार्वेस्टिंग बना रखा है। उन्होंने बताया कि छत का सारा पानी पाइप की माध्यम से टंकी में चला जाता है। ग्राउंड वाटर रिचार्ज होता है, जिससे बोरिंग सूखने की समस्या नहीं होती।
आगे आए प्रोफेसर्स व स्टूडेंट्स
रांची विवि के अधीन कॉमर्स डिपार्टमेंट के शिक्षकों ने भी रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के लिए शपथ ग्रहण किया। शिक्षकों ने कहा कि बारिश के जल को बचा कर जल संकट से काफी हद तक निजात पाया जा सकता है। बारिश के मौसम में लाखों-करोड़ो लीटर पानी ऐसे ही बर्बाद हो जाता है। यदि इसे हार्वेस्टिंग की मदद से घर में ही रोक दिया जाए तो ग्राउंड वाटर रिचार्ज होता रहेगा। गर्मी में बोरिंग सूखने की समस्या से भी राहत मिलेगी। लेकिन लोग इसके प्रति अवेयर नहीं है। नगर निगम का दायित्व है कि वह लोगों को इसके प्रति जागरूक करे और जगह-जगह कम्यूनिटी रेन वाटर हार्वेस्टिंग का भी निर्माण करे।
लोगों को अवेयर करेंगे यूथ
राजधानी के युवा भी वर्षा जल संरक्षण को लेकर अवेयर हैं। युवाओं ने रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की शपथ ली। लेकिन युवाओं का कहना है कि पहले के बने हुए मकानों और भवनों में जगह नहीं है, जिस वजह से ऐसे लोग चाह कर भी अपने भवन में वाटर हार्वेस्टिंग नहीं बनवा पा रहे हैं। ऐसे लोगों के लिए आस-पास के स्थानों में इसे बनाने की सुविधा होनी चाहिए। इसमें नगर निगम लोगों की मदद कर सकता है। वहीं नए बनने वाले मकान में इसे अनिवार्य रूप से लागू किया जाना चाहिए। युवाओं ने भी सोशल मीडिया की मदद से आम लोगों को इसके प्रति जागरूक करने की बात कही।
ज्यादा से ज्यादा लगाएंगे पेड़
रेन वाटर हार्वेस्टिंग के अलावा बारिश के पानी को संरक्षित करने के लिए ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाना भी फायदेमंद साबित हो सकता है। पेड़ की जड़ के माध्यम से बारिश का पानी जमीन के अंदर चला जाता है। जिससे ग्राउंड वाटर रिचार्ज होता रहता है। डेवलपमेंट के नाम पर राजधानी रांची में बेरोक-टोक पेड़ों की कटाई की गई है। लेकिन इसकी अपेक्षा काफी कम संख्या में पौधरोपण किया गया है। यदि सिटी की हर खाली जमीन जहां पेड़ लगाया जा सकता है वहां पौध रोपण कर इसकी देखभाल की जाए तो जल संकट से निजात मिल सकेगा। डीजे आईनेक्स्ट के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में लोगों ने पेड़ लगाने की भी शपथ ली।

रेन वाटर हार्वेस्टिंग कैसे बनेगा, इसकी जानकारी नहीं है। निगम से भी इसकी कोई जानकारी नहीं मिल रही है। कांट्रेक्टर से बात करके इसका निर्माण कराया जाएगा। पानी की समस्या से बचने के लिए यह जरूरी है।
- संतोष कुमार

जल संकट से बचने के लिए बारिश के पानी का संरक्षण बेहद फायदेमंद कदम है। इसके प्रति लोगों को अवेयर होना होगा। सर्वप्रथम सभी सरकारी कार्यालय और आवास में इसे बनाना चाहिए, ताकि आम जनो में संदेश जाए।
- आशुतोष कुमार

रेन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए अब भी ज्यादातर लोग अवेयर नहीं हुए हैं। जबकि दिनों दिन पानी का संकट बढ़ता जा रहा है। गर्मी शुरू होने से पहले ही बोरिंग सूखने लगता है। बारिश का पानी बचाकर समस्या से निजात पाया जा सकता है।
-गुप्तेश्वर शर्मा