रांची: पेरिस व‌र्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत की नंबर एक तीरंदाज रांची की दीपिका कुमारी विश्व की नंबर एक तीरंदाज बन गई हैं। सोमवार को व‌र्ल्ड आर्चरी द्वारा जारी ताजा रैंकिंग में दीपिका टॉप पर आ गई हैैं। पेरिस की प्रतियोगिता के दौरान दीपिका को 90 रैंकिंग प्वाइंट्स मिले और वो तीसरे नंबर से पहले नंबर पर आ गईं। दीपिका दूसरे नंबर पर काबिज फ्रांस की लिजा बार्बेलिन से 38 अंकों की बढ़त बनाए हुए हैं। जो कि एक बहुत बड़ी बढ़त है। दीपिका भारत की एकमात्र महिला तीरंदाज हैं जो ओलंपिक खेलों में हिस्सा लेंगी। दीपिका नंबर एक तीरंदाज के रूप में टोक्यो ओलंपिक में अपनी मजबूत दावेदारी पेश करेंगी।

2012 में भी बनीं थी नंबर-1

बता दें कि कि दीपिका सबसे पहले 2012 में विश्व की नंबर एक तीरंदाज बनीं थीं। दीपिका के पति अतनु दास भी ताजा रैंकिंग में चार पायदानों की बढ़त बनाते हुए टॉप 10 में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं। कंपाउंड में स्वर्ण जीतनेवाले अभिषेक वर्मा 14 स्थान की छलांग लगाते हुए सीधे 22वें नंबर से 8वें नंबर पर आ धमके हैं।

एक दिन में तीन गोल्ड मेडल जीता

बता दें कि पेरिस में चल रहे विश्व कप स्टेज-थ्री तीरंदाजी के रिकर्व मुकाबले में रविवार को दीपिका कुमारी ने पहले कोमलिका बारी व अंकिता भक्त के साथ स्वर्ण पदक जीता। फिर कुछ देर बाद मिक्सड डबल्स रिकर्व प्रतियोगिता में अपने पति अतनु दास के साथ अचूक तीरंदाजी का प्रदर्शन करते हुए एक और स्वर्ण पदक अपनी झोली में डाल ली। इसके साथ ही दीपिका से टोक्यो ओलंपिक में देश भर की पदक लाने की उम्मीद बढ़ गई है।