नई दिल्ली (एएनआई)। India Population : यूनाइटेड नेशन के वर्ल्ड पाॅपुलेशन डैशबोर्ड में कहा गया है कि भारत सबसे अधिक आबादी वाला देश बनने के लिए चीन से आगे निकल गया है। चीन की 1,425 मिलियन पाॅपुलेशन और भारत की पाॅपुलेशन 1,428 मिलियन हो गई है। हालांकि इस बढ़ती हुई आबादी के इन आंकड़ों को लेकर एक्सपर्ट ने अलर्ट करना शुरू कर दिया है। दिल्ली में लोक नायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ सुरेश कुमार ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते बुधवार को कहा 'आधिकारिक तौर पर हम नंबर वन हैं। हमारी आबादी चीन से ज्यादा है।' भारत की 68 फीसदी आबादी 15-65 साल के आयु वर्ग में है। इसका मतलब है कि भारत एक युवा देश है और हमारे पास बहुत बड़ी प्रतिभा है। भारत न केवल जनसंख्या के लिहाज से बल्कि अन्य क्षेत्रों में भी समग्र रूप से बढ़ रहा है, लेकिन बहुत सी चुनौतियां हैं, एक बड़ी आबादी के साथ संसाधनों पर बोझ होगी और रोजगार एक बड़ा मुद्दा होगा।
दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश बना भारत
संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के अनुसार, भारत अब चीन को पार कर दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश बन गया है। संयुक्त राष्ट्र विश्व जनसंख्या डैशबोर्ड ने कहा कि भारत में अब 1428.6 मिलियन लोग हैं जबकि चीन की जनसंख्या 1425.7 मिलियन है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा 1950 में जनसंख्या डेटा एकत्र करना शुरू करने के बाद से यह पहली बार है कि भारत ने संयुक्त राष्ट्र की सबसे अधिक आबादी वाले देशों की सूची में टाॅप पर जगह बनायी है। एक साल पहले, चीन की आबादी 1960 के बाद पहली बार घटी। 2016 में, बीजिंग ने अपनी सख्त एक-बच्चा नीति को समाप्त कर दिया, जो 1980 के दशक में अत्यधिक जनसंख्या के डर के बीच लागू की गई थी, और 2021 में जोड़ों को तीन बच्चे पैदा करने देना शुरू कर दिया।

National News inextlive from India News Desk