JAMSHEDPUR: दिल्ली-भुवनेश्वर कोविड-19 एसी स्पेशल ट्रेन से 88 यात्री शुक्रवार की सुबह 11.30 बजे टाटानगर स्टेशन पहुंचे। यह ट्रेन निर्धारित समय से एक घंटे विलंब से पहुंची। वहीं टाटानगर से 72 यात्री भुवनेश्वर के लिए इसी ट्रेन से रवाना हुए। शुक्रवार की सुबह सात बजे से ही भुवनेश्वर जाने वाले यात्रियों की जांच टाटानगर स्टेशन में शुरू कर दी गई थी। दिल्ली से ट्रेन आने के बाद एक-एक कर सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग कर उन्हें बस व निजी वाहन से बिष्टुपुर स्थित लोयोला स्कूल ले जाया गया। यहां जांच के बाद अधिकांश लोगों को होम क्वारंटाइन में रहने को कहा गया, जबकि कुछ ने स्वेच्छा से सरकारी क्वारंटाइन में रखने का आग्रह किया।

लगाया जा रहा था हाथ में स्टांप

दिल्ली से आने वाले प्रत्येक यात्री को फार्म भराने के बाद उसकी पूरी जांच के बाद ही उसे स्टेशन से बाहर निकलने की इजाजत दी जा रही थी। स्टेशन से निकलने से पहले प्रत्येक यात्री के हाथ में जिला प्रशासन द्वारा स्टांप लगाया जा रहा था और सुरक्षा एप डाउनलोड कराया जा रहा था। टाटानगर स्टेशन में दो मिनी बसें यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने लगा रखी थी। बस में यात्रियों से कितना किराया लेना है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। वैसे राज्य सरकार के निर्देश मुताबिक यात्रियों को दोगुना किराया देना था।

नौ बजे ही पहुंचे थे स्टेशन

दिल्ली से टाटानगर पहुंचे यात्रियों के लेने के लिए उनके परिजन सुबह नौ बजे से ही टाटानगर स्टेशन पहुंचे थे। परिवार के किसी सदस्य को प्लेटफार्म के अंदर प्रवेश करने की इजाजत नहीं थी। जब यात्री बाहर निकले तो खुद ही परिवार वाले उन यात्रियों लेकर लोयोला स्कूल के क्वारंटाइन सेंटर पहुंचे। टाटानगर स्टेशन में दिल्ली से आने वाली स्पेशल ट्रेन से उतरे यात्रियों का लगेज उठाने के लिए टाटानगर स्टेशन 10 कुली ही पहुंचे थे, लेकिन सभी यात्रियों ने अपना लगेज खुद ही उठा लिया था। सिर्फ आदित्यपुर निवासी शीतल कुमारी व एक अन्य यात्री ने कुली से लगेज दिया। लगेज अधिक होने के कारण कुली ने भी ट्राली के सहारे ही लगेज उठाया। बाकी के आठ कुली के चेहरे पर मायूसी दिख रही थी।

जिले के 50 लोग

दिल्ली-भुवनेश्वर स्पेशल ट्रेन से शुक्रवार को 88 लोग टाटानगर स्टेशन पर उतरे। इनमें पूर्वी सिंहभूम जिले के 50 लोग थे, जबकि पश्चिमी सिंहभूम के 24, बलरामपुर (पश्चिम बंगाल) का एक, सरायकेला-खरसावां के 10 व ओडिशा के तीन लोग शामिल थे। सभी की थर्मल स्क्रीनिंग स्टेशन परिसर में ही की गई।

आज तमिलनाडु से आएगी ट्रेन

लॉकडाउन में तमिलनाडु के वेल्लोर में फंसे श्रमिकों को टाटानगर लाया जा रहा है। ट्रेन संख्या 06160 कटपडी-टाटानगर श्रमिक स्पेशल से श्रमिकों को लेकर शनिवार की दोपहर 3.30 बजे टाटानगर स्टेशन ट्रेन पहुंच रही है। यह ट्रेन तमिलनाडु के वेल्लोर शहर में फंसे श्रमिकों व अन्य को लेकर कटपडी जंक्शन से टाटानगर के लिए शुक्रवार की दोपहर दो बजे रवाना हो चुकी है। इस ट्रेन में 18 कोच रहेंगे।

साफ-सफाई पर खास ध्यान

दक्षिण-पूर्व रेलवे ने टाटानगर के चक्रधरपुर मंडल सहित चारों डिवीजनों में व मुख्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। श्रमिल स्पेशल व स्पेशल ट्रेनों के कारण सफाई के काम में तेजी आई है। रेलिंग, हैंडल, डोर नॉब्स, लिफ्ट के गेट और बटन, एस्केलेटर आदि जैसे सीधे यात्रियों के संपर्क में आते हैं। जिसे सैनिटाइज किया जा रहा है।

Posted By: Inextlive