- रिश्तेदार युवक पर हत्या का शक, रात में रुका था घर

- महिला की हत्या की वजह नहीं हो सकी स्पष्ट

आगरा। घर में अकेली महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उनका शव सोमवार को घर में मिला। महिला के हाथ पैर चारपाई से बंधे थे और मुंह में कपड़ा ठुंसा था। रात को घर में रुका रिश्तेदार युवक सुबह घर नहीं मिला। हत्या का शक उसी पर जा रहा है।

जैतपुर के रूपपुरा में फूलमाला अकेली घर में रहती थीं। उनके पति माता प्रसाद की चार वर्ष पहले मौत हो चुकी है और बेटा अपने परिवार के साथ दूसरे घर में रहता है। दोनों घरों की दीवार सटी हुई हैं। रविवार को फूलमाला इटावा में रहने वाले रिश्तेदार युवक के साथ नरहौली में सत्संग सुनने गई थीं। शाम पांच बजे उसके साथ लौट आई। युवक रात को घर में ही रुका। सोमवार सुबह 8.15 बजे बेटा शिव चरन मां को देखने पहुंचा। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। उसने कुंडी खोलकर देखा तो वे चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ी थीं। महिला के हाथ पैर चारपाई से बंधे थे और मुंह में कपड़ा ठुंसा हुआ था। गले पर कपड़े के निशान था। इससे आशंका है कि महिला को गला घोंटकर मारा गया हो। हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। क्योंकि घर में ऐसा कुछ नहीं था जो लूटा गया हो? महिला के पास संपत्ति भी नहीं थी और किसी से रंजिश भी नहीं थी। सीओ बाह रितेश कुमार सिंह और एसओ जैतपुर वीरेंद्र पाल सिंह मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया। टीम ने फिंगर और फुट प्रिंट के नमूने लिए। एसओ जैतपुर वीरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि बेटे की तहरीर पर अज्ञात हत्यारोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हत्यारोपित के बारे में पता करने का प्रयास किया जा रहा है।

------

इटावा तक नहीं गई पुलिस टीम

महिला की हत्या का शक बेटे ने घर में रुके रिश्तेदार युवक पर जताया है। मगर, पुलिस की कोई टीम इटावा में उसके पास तक नहीं गई। वाल्मीकि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इसलिए पुलिस अभी हाथ पर हाथ रखकर बैठी है।

Posted By: Inextlive