सरकार ने शनिवार को कई राज्यपालों का तबादला किया है और कुछ राज्यों में नई नियुक्तियां कीं हैं। आनंदी बेन पटेल को अब उत्तर प्रदेश का राज्यपल बना दिया गया है।


नई दिल्ली (पीटीआई)। भारत सरकार ने शनिवार को कई राज्यपालों का तबादला किया है और कुछ राज्यों में नई नियुक्तियां कीं हैं। राष्ट्रपति भवन द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, नागा शांति वार्ता में अपनी मुख्य निभाने वाले पूर्व वार्ताकार आर एन रवि को नागालैंड के राज्यपाल के रूप में नियुक्त किया गया है। इसके अलावा प्रसिद्ध वकील और जनता दल के पूर्व सांसद जगदीप धनखड़ को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल बनाया गया है। मध्य प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का उत्तर प्रदेश में ट्रांसफर कर दिया गया है। अब वह यूपी की राज्यपाल होंगी। आनंदीबेन उत्तर प्रदेश में राज्यपाल राम नाइक की जगह लेंगी, जिनका कार्यकाल इस साल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। बिहार के राज्यपाल होंगे फगू चौहान
इसके अलावा बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन को अब मध्य प्रदेश का गवर्नर बना दिया गया है। अब बिहार के गवर्नर फगू चौहान होंगे और रमेश बैस को त्रिपुरा के राज्यपाल के रूप में नियुक्त किया गया है। बैस त्रिपुरा में राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी के जगह पर बैठेंगे, जिनका कार्यकाल 27 जुलाई को खत्म हो रहा है। जगदीप धनखड़ पश्चिम पश्चिम बंगाल के मौजूदा राज्यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल भी इसी जुलाई के अंत में समाप्त हो रहा है। राष्ट्रपति भवन के एक अधिकारी ने अपने बयान में कहा, ' यह नियुक्तियां तब से प्रभावी होंगी, जब सभी अपने संबंधित कार्यालयों को संभल लेंगे।'

Posted By: Mukul Kumar