PATNA :

राजधानी पटना में मंगलवार को मूसलाधार बारिश के कारण विभिन्न इलाकों में जलजमाव हो गया। बिहार विधानसभा कैंपस में घुटनेभर पानी लग गया। पूरा परिसर जलमग्न हो गया। देरशाम तक पानी जमा रहा। पानी निकलने की गति काफी धीमी थी। जलजमाव से नगर निगम के अधिकारी भी आश्चर्यचकित थे। दरअसल इस इलाके का पानी सचिवालय तालाब में गिर जाता है। सचिवालय तालाब हालांकि इन दिनों भर गया है।

निगम के अधिकारियों ने विधानसभा के आसपास से निकलने वाले सभी नालों की जांच प्रारंभ कर दी है। यह भी देखा जा रहा है कि पहली बार यहां कैसे जलजमाव हो गया। आज तक ऐसा नहीं हुआ था।

बारिश के बाद कुछ देर के लिए राजभवन गोलंबर और मंत्रियों के आवासों में भी पानी भर गया। शहर के विभिन्न इलाकों में जलजमाव हो गया। अधिकांश क्षेत्रों से दो घंटे के अंदर पानी निकल गया।

विधानसभा के अगले भाग में स्थित सप्तमूर्ति के पास पानी तेजी से निकल गया। राजेंद्र नगर, लोहानीपुर, कांग्रेस मैदान इलाके में भी शाम तक पानी निकल गया। बिड़ला मंदिर के पास देरशाम तक पानी जमा रहा। यहां पानी निकासी की पाइपलाइन काफी पतली है, इस कारण पानी निकलने में काफी देरी हुई। चिरैयाटांड पुल के नीचे भी जलजमाव हो गया। इस कारण कंकड़बाग से पुल के नीचे से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पटना जंक्शन के करबिगहिया की तरफ मुख्य सड़क जलजमाव की चपेट में आ गई। पुलिस कॉलोनी में पानी निकल गया। संजय नगर, इंदिरानगर के कई क्षेत्रों में भी पानी जमा हो गया था। गर्दनीबाग के निचले इलाकाें, राजवंशीनगर में भी जलजमाव रहा।

Posted By: Inextlive