-बिहार में कड़ाके की ठंड, रिकार्ड तोड़ेगा तापमान

- पटना और पूर्णिया का पारा गिरने के आसार, गया और भागलपुर में चल रही शीतलहरी, गया में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री पहुंचा

PATNA: बिहार वासियों को नए साल में वेलकम करने के लिए ठंड ने भी पूरी तैयारी कर ली है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में बताया गया है कि फ‌र्स्ट जनवरी को हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बिहार में शीतलहर की स्थिति पैदा होगी। 5 जनवरी तक तापमान में कमी के आसार हैं। पूर्वानुमान के अनुसार इस बार जनवरी में न्यूनतम तापमान पिछले कई वर्षो का रिकार्ड तोड़ सकता है।

कनकनी भी कराएगा अहसास

राजधानी पटना सहित प्रदेश का न्यूनतम तापमान इस बार रिकॉर्ड तोड़ सकता है। पहली जनवरी को हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ का असर पूरे प्रदेश पर पड़ने के आसार हैं। बीते आठ वर्षो में पहली जनवरी को राजधानी का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है। इस वर्ष पारा गिरकर 6 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। रविवार को राजधानी और आसपास के इलाके में तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है। हवा में नमी की मात्रा 80 फीसद रहने के कारण कनकनी का अहसास किया गया।

पटना का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री रिकॉर्ड

पटना का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री और अधिकतम 22.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बिहार में गया सबसे सर्द रहा। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। गया का न्यूनतम तापमान इस वर्ष सबसे निचले स्तर पर 2.7 डिग्री तक जा चुका है। हालांकि, वहां का अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा है। भागलपुर का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री और अधिकतम 22 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम 24.4 डिग्री रहा।

Posted By: Inextlive