-बुधवार को जेडीयू छोड़कर आई रश्मि वर्मा को नरकटियागंज से टिकट

-लोजपा के लिए छोड़ी एक सीट, रालोसपा के लिए एक भी नहीं

PATNA : जेडीयू, राजद और कांग्रेस के महागठबंधन की घोषणा के अगले दिन भाजपा ने भी दस सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने नौ कैंडिडेट का एलान कर दिया। गुरुवार को केन्द्रीय चुनाव समिति की मीटिंग में यह फैसला लिया गया। इसमें सुशील कुमार मोदी, स्टेट प्रेसिडेंट मंगल पाण्डेय, नेता प्रतिपक्ष नंद किशोर यादव और संगठन मंत्री नागेन्द्र शामिल रहे। इसकी जानकारी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय मयूख ने दी।

तीन सांसदों की चली

तीन सीटों पर भाजपा सांसदों की चली जबकि एक सीट नरकटियागंज से जेडीयू छोड़कर भाजपा में आई रश्मि वर्मा टिकट पा गई। नरकटियागंज जेडीयू राजद और कांग्रेस गठबंधन में जेडीयू के खाते से कांग्रेस के पाले में चला गया था। इसके अलावा भाजपा ने आठ अन्य सीटों पर भी अपने उम्मीदवार घोषित कर दी जिसमें हाजीपुर से नित्यानंद राय के करीबी अवधेश पटेल को टिकट दिया गया है। वहीं भागलपुर से अश्रि्वनी चौबे के चहेते नभय चौधरी को टिकट दिया गया है। इसके अलावा छपरा से पूर्व से मजबूत दावेदारी पेश कर रहे और जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के खास कन्हैया सिंह की उम्मीदवारी तय कर दी गई। भाजपा ने एक सीट परबत्ता लोजपा के लिए छोड़ी है। वहीं रालोसपा के लिए एक भी सीट नहीं छोड़ी गई है। इससे पहले ये बातें सामने आ रही थी कि भाजपा उपचुनाव में छह सीटों पर लड़ेगी और लोजपा व रालोसपा दो सीट लेगी। मगर भाजपा ने नौ सीटों पर उम्मीदवारों का नाम घोषित कर सारी अटकलों पर विराम लगा दिया।

नरकटियागंज - रश्मि वर्मा

राजनगर- रामप्रीत पासवान

हाजीपुर- अवधेश पटेल

बांका- राम नारायण मंडल

जाले - रामनिवास प्रसाद

मोहिउद्दीन नगर- राजेश सिंह

मोहनियां- निरंजन राम

छपरा- कन्हैया सिंह

भागलपुर - नभय चौधरी

Posted By: Inextlive