बाॅलीवुड एक्टर राजीव कपूर का मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 58 साल के थे। राजीव दिवंगत अभिनेता-निर्माता राज कपूर के बेटे और ऋषि कपूर के भाई थे।

नई दिल्ली (एएनआई)। दिवंगत दिग्गज अभिनेता-फिल्म निर्माता राज कपूर के बेटे और अभिनेता राजीव कपूर का मंगलवार को निधन हो गया। वह 58 वर्ष के थे। फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' में अपने अभिनय की छाप छोड़ने वाले राजीव को चेंबूर में अपने निवास पर दिल का दौरा पड़ा जिसके बाद उन्हें इनलैक्स्प अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। दिवंगत स्टार की भाभी नीतू कपूर ने अभिनेता के निधन की पुष्टि की। नीतू ने राजीव की एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की और लिखा, "RIP,"

View this post on Instagram A post shared by neetu Kapoor. Fightingfyt (@neetu54)

कई सुपरहिट फिल्में दी
25 अगस्त 1962 को जन्मे, राजीव कपूर ने 1983 में फिल्म 'एक जान हैं हम' से बॉलीवुड में शुरुआत की। बाद में उन्होंने सुपरहिट 'राम तेरी गंगा मैली' सहित कई अन्य फिल्मों में मुख्य भूमिकाएँ निभाईं। राजीव कपूर ने जिन कुछ फिल्मों में काम किया, उनमें 'आसमान,' 'लवर बॉय,' 'हम तो चले परदेस' और 'जबरदस्त' हैं।

निर्देशन में भी आजमाया हाथ
राजीव ने न केवल अभिनय किया है बल्कि उन्होंने निर्देशक और निर्माता के रूप में भी काम किया है। उन्होंने ऋषि कपूर और माधुरी दीक्षित-नेने की मुख्य भूमिका वाली 'प्रेमग्रंथ' का निर्देशन किया, जो 1996 में रिलीज हुई थी और खूब पसंद की गई। इसके अलावा उन्होंने 'हिना', 'प्रेमग्रंथ' और 'आ अब लौट चलें' का निर्माण भी किया है। राजीव कपूर करीब 28 साल बाद आशुतोष गोवारिकर की फिल्म 'तुलसीदास जूनियर' के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करने के लिए तैयार थे। फिल्म की घोषणा दिसंबर 2020 में अभिनेता संजय दत्त के साथ मुख्य भूमिका में की गई थी।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari