रविवार दोपहर बारह बजे होगी पूर्व मुख्यमंत्री की रैली, कार्यक्रम में डेढ़ लाख लोगों के पहुंचने की संभावना

ALLAHABAD: पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमो मायावती चार सितंबर को परेड ग्राउंड पर रैली को संबोधित करेंगी। तय कार्यक्रम के अनुसार रविवार को वह चार्टर प्लेन द्वारा बमरौली एयरपोर्ट आएंगी और यहां से वाया कार परेड ग्राउंड के लिए रवाना होंगी। दोपहर बारह बजे परेड ग्राउंड पर पहुंचकर वह जनसभा को संबोधित करेंगी। दोपहर 1:25 बजे वह वापस बमरौली एयरपोर्ट जाएंगी और वहा से प्लेन के जरिए लखनऊ रवाना होंगी।

दिनभर लिया जायजा

मायावती की रैली की तैयारियों में बसपाई जोरशोर से लगे हैं। उन्होंने जनसभा को सफल बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है। शुक्रवार को बसपा नेताओं ने परेड ग्राउंड पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। बारिश की संभावना को देखते हुए कार्यकर्ताओं और वालंटियर्स को जरूरी निर्देश दिए गए। उधर, एलआईयू ने शासन को रैली में डेढ़ लाख लोगों के जुटने की उम्मीद जताई है। यह पब्लिक इलाहाबाद समेत आसपास के मंडलों से लाई जानी है। रैली के माध्यम से मायावती यूपी विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकने के साथ कांगे्रस, सपा और भाजपा पर भी निशाना साधेंगी। बसपा ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एक हजार से अधिक वालटियर्स को तैनात किया है।

Posted By: Inextlive