- हेचरी कर्मचारी से लूट में नया मोड़

- चुनावी रंजिश में गोली मारने का आरोप

SARHARI/GORAKHPUR: चिलुआताल के फर्टिलाइजर में कलेक्शन एजेंट को गोली मारकर लूटने के मामले में नया मोड़ आ गया है। गंभीर एजेंट के पिता ने चुनावी रंजिश में जानलेवा हमले का आरोप लगाया। डिस्को प्रधान के भाई पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज करके पुलिस जांच में जुटी है। थाने के पास हुई घटना की सूचना तत्काल न देने को लेकर भी पुलिस संदेह जता रही है। एसओ ने कहा मुकदमा दर्ज करके आरोपी की तलाश की जा रही है।

बदमाशों ने रास्ते में दागी गोली

मोहरीपुर निवासी दूधनाथ का बेटा राम अवध बरगदवां स्थित हेचरी पर कलेक्शन एजेंट है। शुक्रवार की सुबह राम अवध रुपए की वसूली करने निचलौल की ओर गया। रात में करीब 10 बजे वह अकेले बाइक से लौट रहा था। फर्टिलाइजर में नकहा गेट से पहले बाइक सवार बदमाशों ने उसको गोली मार दी। उसके परिचित मुनव्वर ने राम अवध को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां हालत गंभीर बताकर डॉक्टर्स ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रात में लूट की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई। सुबह होते ही राम अवध के घरवालों ने चुनावी रंजिश में हमले का आरोप लगाया।

डिस्को के खिलाफ किया प्रचार

शनिवार को राम अवध के पिता दूधनाथ ने पुलिस को तहरीर दी। आरोप लगाया कि चुनावी रंजिश को लेकर उनके बेटे पर जानलेवा हमला किया गया.उनके बेटे ने प्रधान असजद उर्फ डिस्को के खिलाफ प्रचार किया था। इसी रंजिश में असजद के भाई अशरफ अली ने जानलेवा हमला किया। रात में राम अवध अकेले बाइक से घर लौट रहा था। विश्वभारती स्कूल के पास उसकी बाइक में ठोकर मारकर बाइक गिराई। सीने में गोली दागकर आरोपी फरार हो गया। अशरफ के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।

तहरीर के अनुसार मुकदमा दर्ज कर लिया है। रात में थाने से थोड़ी ही दूरी पर घटना हुई। किसी ने थाने पर सूचना नहीं दी। नजदीक में मेडिकल कॉलेज न जाकर वह लोग जिला अस्पताल गए। इससे कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है।

रामपाल, एसओ चिलुआताल

Posted By: Inextlive