LUCKNOW : सिख समुदाय का प्रमुख पर्व लोहड़ी आज बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। जिसकी खरीदारी के लिए लखनवाइट्स की भीड़ बाजारों में देखने को मिली। इसके साथ ही गुरुवार को प्रमुख जगहों पर लोहड़ी सेलिब्रेट भी की गई। जिसमें पारम्परिक तरीके से लोगों ने लोहड़ी का जश्न मनाया। पंजाबी गीतों पर लोगों ने खूब भंगड़ा किया। लोहड़ी के जलते ही लोगों ने उसमें मूंगफली, रेवड़ी, पॉपकार्न डाले। इसके बाद भंगड़ा व गिद्दा किया।

बॉलीवुड गीत संग किया सेलिब्रेट

अवध जिमखाना क्लब की ओर से आयोजित लोहड़ी के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की। क्लब के अध्यक्ष सुरेश कुमार अग्रवाल, सचिव अशोक कुमार अग्रवाल, उपाध्यक्ष डॉ। जगदीश कुमार ने लोहड़ी जलाकर कार्यक्रम का आगाज किया। इसके बाद गायक कुलतार सिंह ने पंजाबी गीतों पर लोगों को नचाया। वहीं, एमबी क्लब में पंजाबी व बॉलीवुड गीतों संग लोहड़ी सेलिब्रेट की गई। पंजाबी गाने हुल्ले हुलारे हुल्ले, बल्ले बल्ले, लैला मैं लैला, पहला नशा पहला खुमार गीतों पर कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति देकर पर्व के जश्न में चार चांद लगा दिए। इसके बाद पंजाबी ढोल संग लोगों ने जमकर भंगड़ा किया। सर्द हवाओं के बीच जलती लोहड़ी ने लोगों के जोश को दोगना कर दिया। जिसमें लोगों ने फ्रेंडस व फैमिली संग डांस किया।

Posted By: Inextlive