बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर को कोरोना ने पूरी तरह से जकड़ लिया है। कनिका का तीसरी बार कोविड 19 टेस्ट किया गया और वह फिर पॉजिटिव पाई गईं हैं।

लखनऊ (एएनआई)। संजय गांधी पीजीआईएमएस अस्पातल में इलाज करा रहीं बॉलीवुड गायक कनिका कपूर तीसरी बार कोरोना पॉजिटिव पाई गईं है। बता दें कनिका करीब एक हफ्ते से हॉस्पिटल में एडमिट हैं। पहली बार 20 मार्च को वह कोरोना पॉजिटिव मिली थी जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कर दिया गया था। 23 मार्च को जब दोबारा टेस्ट किया गया, वह फिर पॉजिटिव थी। अब तीसरी बार उनका कोरोना वायरस का टेस्ट सकारात्मक आया है।

कनिका के खिलाफ दर्ज है एफआईआर

इससे पहले, लखनऊ पुलिस ने कनिका को वायरस से संक्रमित होने के बावजूद शहर में विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए लापरवाही बरतने के आरोप में उन्हें बुक किया था और अधिकारियों द्वारा उसके घर पर खुद को अलग करने का निर्देश दिया था। यही नहीं कनिका के खिलाफ शहर के सरोजनी नगर पुलिस स्टेशन में धारा 188, 269 और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की 270 के तहत मामला दर्ज किया गया है।ये एफआईआर लखनऊ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) द्वारा दर्ज की गई शिकायत के आधार पर दर्ज की गई थी।

प्रिंस चार्ल्स के साथ तस्वीर वायरल

दो दिन पहले ही ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स कोरोना वायरस से पॉजिटिव पाए गए हैं। यह जानकारी मिलते ही सोशल मीडिया पर प्रिंस चार्ल्स और बेबी डॉल फेम सिंगर कनिका कपूर की कुछ तस्वीरें वायरल होना शुरू हो गईं थी। इन तस्वीरों में कनिका कपूर नारंगी रंग के आउटफिट में प्रिंस चार्ल्स से बातचीत करती और मुस्कुराती नजर आ रही हैं। लोग ट्विटर पर यह शेयर कर रहे हैं कि अब पता चला कि प्रिंस चार्ल्‍स को कोरोना किसने दिया। हालांकि कई यूजर्स ने यह भी बताया कि यह कनिका कपूर और प्रिंस की बहुत पुरानी तस्वीर है।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari