पाकिस्तान में भी अब कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटों में संक्रमण के 1176 नए मामले सामने आने से यहां अब पीड़ितों की संख्या 2.74 लाख पार कर गई है। मृतकों का आंकड़ा 5842 हो गया है।


इस्लामाबाद (पीटीआई)। पाकिस्तान में कोरोना वायरस के मामले 274,289 तक पहुंच गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान में बीते 24 घंटों में 1,176 नए लोग इस खतरनाक संक्रमण की चपेट में आए हैं। वहीं यहां कोरोना वायरस की वजह से 20 और लोगों की मौत हो जाने से मरने वालों की संख्या 5,842 हो गई। पाकिस्तान में सिंध में सबसे अधिक प्रभावित है। यहां अब तक कुल 118,311 मामले सामने आए। इसके बाद पंजाब में 92,073, खैबर-पख्तूनख्वा में 33,397, इस्लामाबाद में 14,884, बलूचिस्तान में 11,601, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में 2,034 और गिलगित-बाल्टिस्तान में 1,989 लोग इस वैश्विक महामारी से संक्रमित हो चुके हैं।

पाकिस्तान में रिकवरी रेट 87.87 प्रतिशत
स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि कोरोना वायरस का पता लगाने के लिए अधिकारियों ने पिछले 24 घंटों में 22,056 टेस्ट किए हैं। यहां पर अब तक कुल 1,890,236 लोगों की टेस्टिंग हो चुकी है। वहीं पाकिस्तान में रिकवरी रेट भी ठीक है। पाक में अब तक कुल 274,289 मामलों में करीब 241,026 लोग ठीक हो चुके हैं। मंत्रालय के अनुसार यहां रिकवरी रेट 87.87 प्रतिशत है। वर्तमान में 27,421 सक्रिय मामले हैं। इन सभी का उपचार हो रहा है। हालांकि इस दाैरान अधिकारियों ने चेतावनी दी कि अगर ईदुल अजहा के दिन और ईदुल खरीदारी के दाैरान कोरोना वायरस के लिए जारी किए गए दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन न किया गया तो यहां स्थिति फिर से बिगड़ सकती है।

Posted By: Shweta Mishra