Health Warning In Tokyo: बीती रात जापान के टोक्यो से एक बिल्ली गायब हो गई है। हालांकि यहां चिंता वाली बात ये है कि वो बिल्ली खोने से पहले एक ऐसे टैंक में गिर गई थी जिसमें काफी खतरनाक कैमिकल रखे हुए थे। जानें क्या है पूरा मामला...

कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। Tokyo On High Alert: जापान का एक शहर इस वक्त हाई अलर्ट पर है, वो भी सिर्फ एक बिल्ली की वजह से। दरअसल, बीती रात जापान के टोक्यो से एक बिल्ली गायब हो गई है। हालांकि, यहां चिंता वाली बात ये है कि वो बिल्ली खोने से पहले एक ऐसे टैंक में गिर गई थी, जिसमें काफी खतरनाक केमिकल रखे हुए थे। रिपोर्ट्स की मानें तो ये कोई आम रसायन नही है बल्कि कैंसर पैदा करने वाला केमिकल है। बिल्ली रात में एक हेक्सावलेंट क्रोमियम नामक केमिकल की टंकी में गिर गई। ये इतना खतरनाक रसायन है कि इससे कैंसर तक हो सकता है साथ ही साथ इसे छूने या फिर सूंघने मात्र से ही शरीर में चकत्ते और सूजन पड़ हो जाती है।

मिले बिल्ली के पंजों के निशान
अधिकारियों ने बताया कि, बिल्ली को ढूंढने के लिए अब गश्त और भी ज्यादा बढ़ा दी है। इसके अलावा शहर को लोगों को किसी भी जानवर के पास न जाने की चेतावनी दी गई है। बता दें कि, बिल्ली को आखिरी बार रविवार को सीसीटीवी फुटेज के जरिए एक प्लेटिंग फैक्ट्री से निकलते हुए देखा गया था। दरअसल फैक्ट्री में काम करने वाले एक कर्मी ने को बिल्ली के पंजे के निशान मिले, जो हेक्सावलेंट क्रोमियम की 3 मीटर गहरी टंकी की तरफ से वापस आ रहे थे। इसके बाद तुरंत उस बिल्ली को ढूंढा जाने लगा, हालांकि अभी तक यह भी स्पष्ट नहीं है कि बिल्ली इस टंकी में गिरने के बाद जिंदा भी है या नहीं।

इस केमिकल से जा सकती है जान
हेक्सावलेंट क्रोमियम जिसे क्रोमियम -6 भी कहा जाता है। इसके संपर्क में आने से किसी की जान भी जा सकती है। इससे आंखों, स्किन में परेशानी के साथ सांस लेने में भी दिक्कत हो सकती है। हालांकि, अधिकारियों का मानना है कि इतने खतरनाक केमिकल में गिरने के बाद बिल्ली ज्यादा दिन जिंदा नही रहेगी। क्योंकि जानवर अपनी स्किन को चाटकर साफ करते हैं और ऐसा करने से वो केमिकल बिल्ली के पेट में चला जाएगा।

Posted By: Anjali Yadav