कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक सोमवार को होनी है। इसमें कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा पद से इस्तीफे की पेशकश किए जाने की संभावना है। बता दें कि कांग्रेस में इन दिनों नेतृत्व के मुद्दे पर पार्टी नेता आपस में बंट गए हैं। कुछ लोग सोनिया को कांग्रेस अध्यक्ष में तो कुछ राहुल गांधी के नाम पर मुहर लगा रहे हैं।


नई दिल्ली (एएनआई)। कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक आज सोमवार को सुबह 11 बजे होनी है। सूत्रों का कहना है कि आज की इस बैठक में पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के पद से इस्तीफे की पेशकश की संभावना है। पार्टी के 20 से अधिक शीर्ष नेताओं द्वारा लिखे गए एक पत्र पर चर्चा , सुधारों को व्यापक करने और पार्टी की स्थिति और दिशा के बारे में सवाल उठाने के साथ-साथ सीडब्ल्यूसी के चुनाव की मांग को लेकर उठे विवाद के बाद आज अहम बैठक होगी। वहीं नेतृत्व के मुद्दे पर दो खेमे में बंटी नजर आ रही कांग्रेस पार्टी को लेकर सोनिया गांधी परेशान हैं।सोनिया गांधी का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया जाएगा
हालांकि, कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने गांधी के पार्टी प्रमुख के रूप में छोड़ने के बारे में मीडिया रिपोर्टों का खंडन किया। सुरजेवाला ने रविवार को एएनआई को बताया, सोनिया गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की खबरें झूठी हैं। सोनिया गांधी का इस्तीफा सीडब्ल्यूसी सदस्यों द्वारा स्वीकार नहीं किया जाएगा। 2019 के लोकसभा चुनावों में पार्टी की हार की जिम्मेदारी लेते हुए, राहुल गांधी द्वारा पार्टी प्रमुख के रूप में पद छोड़ने के बाद सीडब्लूसी द्वारा सोनिया गांधी को 10 अगस्त 2019 को एक अंतरिम अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था।राहुल से कांग्रेस प्रमुख के रूप में वापसी की मांग कांग्रेस इस मुद्दे पर बंटी हुई नजर आ रही है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, लोकसभा में कांग्रेस पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी, कर्नाटक इकाई के प्रमुख डीके शिवकुमार सहित कई नेताओं ने सोनिया गांधी को पार्टी अध्यक्ष के रूप में जारी रखने का अनुरोध किया है। वहीं पार्टी में एक तबका ऐसा है जो राहुल गांधी की कांग्रेस प्रमुख के रूप में वापसी की मांग कर रहा है। इसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी वायनाड सांसद को पत्र लिखकर उनसे कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने का अनुरोध किया।

Posted By: Shweta Mishra