Cyclone Biparjoy News Updates : चक्रवात बिपारजॉय ने गुजरात के कई जिलों में तबाही मचाई है। गुजरात में लैंडफॉल के बाद अब तेजी से राजस्थान की ओर बढ़ रहा है। बिपारजॉय ने गुजरात के 940 गांवों को प्रभावित किया है।


नई दिल्ली / अहमदाबाद (आईएएनएस / पीटीआई)। Cyclone Biparjoy : अरब सागर से उठे चक्रवात बिपारजॉय ने गुजरात के कई जिलों में तबाही मचाई है। चक्रवाती तूफान गुरुवार शाम गुजरात के जखाऊ बंदरगाह से टकराया। इस चक्रवात का पूरा लैंडफॉल कच्छ में रात 12 बजे के करीब हुआ। इस दाैरान 115-125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। इसके अलावा भारी बारिश भी जारी है। चक्रवात की वजह से यहां पर आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सैकड़ों पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे टूटने से करीब 940 गांवों में बिजली गुल हो गई है। समुद्र से सटे निचले इलाकों में पानी भर जाने की वजह से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। अब तक 22 लोगों के घायल होने की खबर है। इसके अलावा 23 जानवरों की माैत हो गयी है। इस भारी चकवात को लेकर राज्य व केंद्र सरकार दोनों ही अलर्ट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से फोन पर बात की। उन्होंने तूफान से हुए नुकसान की जानकारी ली।अगले 48 घंटे तक भारी बारिश होने की आशंका
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल चक्रवाती तूफान की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। सीएम भूपेंद्र पटेल ने आज देर रात गांधीनगर स्थित स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर आपदा प्रबंधन को लेकर अहम दिशा-निर्देश दिए। चक्रवात के कारण रेल सेवाएं प्रभावित हुई है। माैसम विभाग ने चक्रवात के चलते अगले 48 घंटे तक पूरे गुजरात में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 16 जून को सौराष्ट्र, कच्छ, उत्तरी गुजरात और दक्षिणी राजस्थान में व 17 जून को दक्षिण पूर्व राजस्थान और इससे सटे उत्तर गुजरात में भारी बारिश की संभावना है।

Cyclone Biparjoy : दिल्ली समेत इन राज्यों में भी दिखेगा असर

Posted By: Shweta Mishra