कॉल्विन हॉस्पिटल की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर का मामला, नशे में होने की चर्चा

एक दिन पहले पोस्टमार्टम हाउस में भी था यही हाल

ALLAHABAD: कॉल्विन हॉस्पिटल में एक डॉक्टर के नशे की हालत में पकड़ा जाना चर्चा का विषय रहा। बताया जा रहा है कि जनाब इमरजेंसी ड्यूटी पर थे और इतने टुन्न थे कि चलने-फिरने में असमर्थ थे। मौके पर पहुंचे मरीजों के परिजनों ने इसकी जानकारी हॉस्पिटल प्रशासन को दी। तब जाकर दूसरे डॉक्टर को तैनात किया गया। शुक्रवार को उन्होंने यही कहानी पोस्टमार्टम हाउस में दोहराई थी। इसका वीडियो भी वायरल हो गया। इसके बाद भी उन्होंने इसे नोटिस नहीं लिया। शिकायत पर जागे हॉस्पिटल प्रशासन ने जांच कराने की बात कही है।

उठना-बैठना था मुश्किल

डॉ। आरके वर्मा को दोपहर में इमरजेंसी ड्यूटी करनी थी। लेकिन, वह इतने नशे में थे कि अपनी जगह से उठ भी नही पा रहे थे। यह देखकर मरीज और परिजनों के होश उड़ गए। इस बात की जानकारी हॉस्पिटल प्रशासन को होने पर दूसरे चिकित्सक डॉ। शक्ति बसु को इमरजेंसी में तैनात किया गया। हालांकि हॉस्पिटल प्रशासन नशे की हालत में डॉक्टर के ड्यूटी करने की बात से इंकार कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि वह बीमारी के चलते ऐसी दवाएं खाते हैं जिससे उन्हें बेहोशी की समस्या रहती है। सूत्रों का कहना है कि ऐसी घटनाएं डॉक्टर साहब के साथ पहले भी हो चुकी हैं।

वह नशे की हालत में नही थे। उनका पूर्व में एक्सीडेंट हो चुका है। मिर्गी के दौरे से बचने के लिए कुछ दवाएं खाते हैं। जिसके असर के चलते वह शनिवार को अचेत हो गए। फिर भी शिकायत आई है तो उसकी जांच होगी।

-डॉ। एके सिंह,

सीएमएस, कॉल्विन हॉस्पिटल

Posted By: Inextlive