-एयरफोर्स चौकी के सामने लगाया जाम, हरकत में आई पुलिस

-रविवार शाम नंदानगर में विवाद के दौरान बदमाशों ने गोली

GORAKHPUR: नंदानगर रेलवे गेट के पास रविवार देर शाम सगे भाइयों पर हमले में शामिल बदमाशों तक कैंट पुलिस पहुंच गई है। सोमवार को घटना के विरोध में लोकल पब्लिक ने नंदानगर पुलिस चौकी के सामने कुसम्ही रोड जाम कर प्रदर्शन किया। लोगों का गुस्सा देखकर हरकत में आई पुलिस ने ताबड़तोड़ कई लोगों को पूछताछ के लिए उठाया। पुलिस का कहना है कि जलती हुई सिगरेट का टुकड़ा बदन पर फेंकने को लेकर शुरू हुई बहस में जमकर विवाद हुआ। तीन मनबढ़ युवकों ने सगे भाइयों पर ईट और तमंचे से हमला कर घायल कर दिया। उनकी तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।

आश्वासन देकर जाम खत्म कराया, दर्ज करेंगे एफआईआर

रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे नंदानगर में एयरफोर्स कर्मचारी के बेटे राहुल यादव और रोहित यादव पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। मनबढ़ों ने ताबड़तोड़ कई राउंड गोलियां दागी, जिससे राहुल घायल हो गया। उसके भाई रोहित यादव का सिर ईट से कूंचकर मनबढ़ फरार हो गए। गंभीर हाल सगे भाइयों को परिजनों ने लखनऊ में एडमिट कराया। घटना से आक्रोशित लोगों ने सोमवार सुबह एयरफोर्स पुलिस चौकी के सामने जाम लगाकर प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों ने राहगीरों को समझाबुझाकर शांत कराया। आश्वासन दिया कि जल्द आरोपियों को अरेस्ट कर लिया जाएगा। लेकिन सड़क जाम करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की गई है। एसपी सिटी ने कहा कि हाइवे जाम करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। क्योंकि उनकी हरकत से राहगीरों को प्रॉब्लम हुई है।

जलता हुआ सिगरेट का टुकड़ा फेंकने पर हुआ विवाद

लखनऊ के अस्पताल में एडमिट राहुल और रोहित की हालत में तेजी से सुधार हुआ है। पुलिस की जांच सामने आया कि रोहित ट्यूशन पढ़ाकर घर लौट रहा था। रेलवे गेट के पास वह पहुंचा। कुछ दूरी पर तीन मनबढ़ सिगरेट पी रहे थे। उनमें किसी ने सिगरेट का जलता टुकड़ा फेंक दिया जो रोहित के बदन पर जा गिरा। इस बात के लिए जब रोहित ने आपत्ति जताई तो मनबढ़ उससे भिड़ गए। उसने फोन कर राहुल को बुला लिया। राहुल के पहुंचने पर मारपीट बढ़ गई। इस बीच मनबढ़ों ने रोहित के सिर पर ईट से हमला कर दिया। जबकि, भीड़ जुटने के पहले भागने के लिए बदमाशों ने राहुल पर गोली दाग दी। गोली लगने और ईट के हमले में दोनों भाई घायल होकर तड़पने लगे। मामले की जानकारी पहुंचे लोगों ने उनको अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि शाम तक तहरीर नहीं मिली थी। जिससे मुकदमा नहीं दर्ज हो सका। लेकिन पूछताछ के लिए कुछ लोगों ने उठाया जिससे घटना की वजह सामने आई। हालांकि तहरीर के आधार पर ही पुलिस मुकदमे की विवेचना करेगी।

वर्जन

घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द आरोपियों को अरेस्ट कर लिया जाएगा। प्राथमिक जांच में पता लगा है कि अचानक विवाद होने पर मनबढ़ों ने सगे भाइयों पर गोली दागी थी। मामले की छानबीन जारी है।

डॉ। कौस्तुभ, एसपी सिटी

Posted By: Inextlive