-विमल यादव गिरोह और मुन्ना मंडल गिरोह में भिड़ंत

साहिबगंज : जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के साक्षरता मोड़ पर गैंगवार में शुक्रवार शाम दर्जनभर गोलियां चलीं और पांच बम फोड़े गए। इस दौरान एक गुट के दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों युवकों को भीड़ की गिरफ्त से बचाकर थाने ले आई। इनकी पहचान तालझारी थाना क्षेत्र के मसकलैया निवासी पांडव मंडल (20 वर्ष) और मनोज मंडल (24 वर्ष) के रूप में की गई। दोनों को सदर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। इनमें मनोज के पास से एक तमंचा बरामद किया गया। बताया गया कि गब्बर हत्याकांड में पेशी के लिए मुन्ना मंडल साहिबगंज कोर्ट पहुंचा था। उसके बाद वह छह बाइक पर सवार साथियों के साथ वह साक्षरता मोड़ की ओर गया। वहीं गोलीबारी और बम विस्फोट की घटना हुई। इस घटना के बाद मुन्ना मंडल गिरोह के सदस्य जिरवाबाड़ी थाने पहुंचे और विमल यादव, केदार यादव, वीरेंद्र यादव आदि के खिलाफ गोलीबारी की शिकायत की। कहा कि गोलियां मुन्ना मंडल और कृष्णा मंडल के बगल से गुजर गई। इस गुट ने थाना में जमकर हंगामा किया। इधर, विमल गुट का कहना था कि मुन्ना मंडल गिरोह के सदस्यों ने उनलोगों पर गोलियां चलाईं और बम फोड़े, लेकिन वे लोग बच गए। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने मुन्ना मंडल गिरोह के दो युवकों की पिटाई कर उन्हें अधमरा कर दिया। किसने गोली चलाई यह पुलिसिया छानबीन के बाद ही पता चलेगा।

बताया गया कि विमल यादव गिरोह और मुन्ना मंडल गिरोह के बीच पुरानी अदावत है। दो वर्ष पूर्व मुन्ना मंडल गिरोह ने विमल को मारने के लिए गोलियां चलाई थीं। इस संबंध में सदर डीएसपी ललन प्रसाद ने कहा कि छानबीन के बाद प्राथमिकी दर्ज होगी।

Posted By: Inextlive