- प्राइवेट कंपनी उठाएगी नगर निगम की जिम्मेदारी

- घर-घर कूड़ा उठवाने की जिम्मेदारी से नगर निगम चाहता है छुटकारा

- प्राइवेट कंपनी से हुई बात, कंपनी के लोगों ने आकर दिया प्रेजेंटेशन

ALLAHABAD: एडब्ल्यूपी को हटाकर नगर निगम ने सिटी से डोर टू डोर कूड़ा उठवाने का जिम्मा तो संभाल लिया है, लेकिन ये जिम्मेदारी नगर निगम के लिए सिर दर्द बन गई है। सिर दर्द से मुक्ति के साथ शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए नगर निगम ने साफ-सफाई का जिम्मा प्राइवेट कंपनी को सौंपने का निर्णय लिया है। जिसके लिए टेंडर भी जारी किया जा चुका है। टेंडर के आधार पर शनिवार को दो प्राइवेट कंपनियों ने नगर निगम में अपना प्रजेंटेशन दिया। प्रजेंटेशन के आधार पर नगर निगम के अधिकारियों की टीम ने कई डिसीजन लिए हैं।

दो कंपनियों ने दिया प्रजेंटेशन

नगर निगम ने बसवार प्लांट को चलाने और डोर टू डोर कूड़ा उठवाने की जिम्मेदारी प्राइवेट एजेंसी को देने का निर्णय लिया था। टेंडर जारी होने के बाद दो प्राइवेट कंपनियां शनिवार को नगर निगम पहुंची और प्रजेंटेशन दिया। एक कंपनी के पास मैन पॉवर थी, लेकिन नॉन टेक्निकल कर्मचारियों की संख्या ज्यादा और टेक्निकल कर्मचारियों की संख्या कम थी। वहीं दूसरी कंपनी के पास कर्मचारियों की संख्या कम थी। जिस पर अधिकारियों ने कहा ये कंपनी पूरी जिम्मेदारी देने लायक नहीं है।

तीन महीने का ट्रायल

एक कंपनी के पास डोर टू डोर कूड़ा उठवाने का अनुभव होने के कारण निर्णय लिया गया कि इस कंपनी से तीन महीने तक शहर में काम कराया जाएगा। जोन तीन और चार की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। तीन महीने के लिए दोनों कंपनियों को मौका दिया जाएगा। इसके बाद काम के आधार पर निर्णय लिया जाएगा कि किसे जिम्मेदारी सौंपी जाए।

बसवार प्लांट प्राइवेट कंपनी को देने का प्लान कैंसिल

नगर निगम के अधिकारियों ने पहले बसवार प्लांट को भी प्राइवेट कंपनी को देकर चलाने का निर्णय लिया था, लेकिन शनिवार को इस प्लान को कैंसिल कर दिया गया। मेयर अभिलाषा गुप्ता और नगर आयुक्त आरपी सिंह की मौजूदगी में निर्णय लिया गया कि प्लांट नगर निगम अब खुद चलवाएगा। इसके लिए टेक्निकल स्टॉफ को नगर निगम द्वारा रखा जाएगा।

नगर आयुक्त के आने पर होगा फैसला

एडब्ल्यूपी के बाद कौन सी कंपनी को शहर की साफ-सफाई का जिम्मा सौंपा जाएगा, इसका निर्णय नगर आयुक्त आरपी सिंह के लौटने के बाद होगा। जो स्मार्ट सिटी एक्सपो कांग्रेस में शामिल होने स्पेन गए हैं।

Posted By: Inextlive