Gujarat New CM Oath Ceremony : भाजपा नेता भूपेंद्र पटेल ने सोमवार को गुजरात के 18वें मुख्यमंत्री रूप में शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए।

गांधीनगर (पीटीआई)। Gujarat New CM Oath Ceremony : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता भूपेंद्र पटेल ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में गांधीनगर में लगातार दूसरी बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने दोपहर 2 बजे गांधीनगर में नए सचिवालय के पास हेलीपैड मैदान में भूपेंद्र पटेल को 18वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई। भूपेंद्र पटेल के साथ 16 कैबिनेट मंत्रियों ने भी शपथ ली। गुजरात में भारतीय जनता पार्टी के मृदुभाषी चेहरे भूपेंद्र पटेल ने राज्य विधानसभा चुनावों में प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को मात देकर मुख्यमंत्री पद की कुर्सी बरकरार रखी है। इसके पहले भूपेंद्र ने 13 सितंबर, 2021 को गुजरात के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।


पीएम के अलावा ये मंत्री भी रहे माैजूद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित भाजपा के कई नेता भी भूपेंद्र पटेल के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी मौजूद थीं।

उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी भी पहुंचे
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, असम के हिमंत बिस्वा सरमा, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी और त्रिपुरा के माणिक साहा भी मौजूद थे। बीजेपी ने गुजरात विधानसभा चुनाव में 156 सीटों पर जीत हासिल की, जो कि राज्य गठन के बाद किसी भी पार्टी द्वारा जीती गई सीटों की सबसे बड़ी संख्या है। भूपेंद्र पटेल ने 2022 के चुनाव में एक बार फिर घाटलोडिया से 1,91,000 मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की।

Posted By: Shweta Mishra