Kab Hai Holi 2022: होली रंगों का त्योहार है और हिंदू धर्म में इसका विशेष महत्व है। यह भारत में प्रमुख रूप से मनाए जाने वाले त्योहारों में से एक है। आइए जानें इस बार कब है होली...

कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। Kab Hai Holi 2022: होली दुनिया भर में हिंदुओं द्वारा मनाया जाने वाला एक धार्मिक त्योहार है। दिवाली के बाद होली को हिंदू कैलेंडर में दूसरा सबसे बड़ा और प्रमुख त्योहार माना जाता है। इस दिन को पूरे देश में बहुत उत्साह के साथ मनाया जाता है। होली को रंगों का त्योहार भी कहा जाता है। लोग होली को एक-दूसरे को रंग लगाकर मनाते हैं और गुझिया जैसी मिठाइयों का भी स्वाद लेते हैं। होली हिंदू कैलेंडर के फाल्गुन महीने में मनाई जाती है और उत्सव पूर्णिमा की शाम से शुरू होता है। इस साल होली 18 मार्च 2022 (शुक्रवार) को मनाई जाएगी। वहीं इससे एक दिन पहले होलिका दहन 17 मार्च 2022 को मनाया जाएगा।

होली का पर्व भक्त प्रह्लाद की भक्ति से जुड़ा
मान्यताओं के अनुसार होली का पावन पर्व भक्त प्रह्लाद की भक्ति और भगवान द्वारा उनकी जान बचाने की खुशी में मनाया जाता है। वैसे तो पूरे भारत में होली खास है लेकिन ब्रज क्षेत्र की होली काफी चर्चित होती है। भगवान कृष्ण के जीवन से संबंधित स्थानों को ब्रज क्षेत्र के रूप में जाना जाता है। ब्रज क्षेत्रों में होली की रस्में मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन, गोकुल, नंदगांव और बरसाना सबसे प्रसिद्ध हैं। बरसाना में पारंपरिक होली उत्सव लट्ठमार होली विश्व प्रसिद्ध है। इसे देखने के लिए देश ही नहीं विदेश से भी लोग आते हैं।
होली का त्योहार दो दिनों तक मनाया जाता है
अधिकांश क्षेत्रों में होली का त्यौहार दो दिनों तक मनाया जाता है। पहले दिन को जलानेवाली होली के रूप में जाना जाता है जिस दिन होली होलिका दहन किया जाता है। इस दिन को छोटी होली और होलिका दहन के नाम से भी जाना जाता है। फाल्गुन मास की पूर्णिमा के दिन होलिका दहन होता है और अगले दिन होली का त्योहार मनाया जाता है। होली से 8 दिन पहले होलाष्टक होता और इस दौरान कोई भी शुभ कार्य करना हमेशा वर्जित होता है। हालांकि होली की तैयारियां होलाष्टक के दिन से ही शुरू कर दी जाती हैं।

Holashtak 2022 : तो होलाष्टक इसलिए माने जाते हैं अशुभ, जानें होली से पहले के इन 8 दिनों का इतिहास

Holashtak 2022 : होलाष्टक 10 से 18 मार्च तक, इस दाैरान नहीं होंगे शुभ मांगलिक कार्य

Posted By: Shweta Mishra