Ind vs Aus : ईडन गार्डेन में 9 साल तक 'कप्तान धोनी' जो नहीं कर पाए, वो अब कोहली करेंगे
धोनी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यहां नहीं की कप्तानी
कोलकाता के ईडन गार्डेन पर 21 सितंबर को जब दूसरा वनडे खेला जाएगा। तो कप्तान विराट कोहली एक रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे। दरअसल इस मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिर्फ एक भारतीय खिलाड़ी ने कप्तानी की है। वो हैं राहुल द्रविड़। यानी कि नौ साल लंबे कप्तानी करियर में धोनी को कभी भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस ग्राउंड पर कप्तानी करने का मौका नहीं मिला। लेकिन अब विराट कोहली यह मुकाम हासिल कर लेंगे।
कंगारुओं ने पहला वर्ल्ड कप यहीं जीता
साल 1987 में कोलकाता के मैदान पर ही ऑस्ट्रेलिया ने पहली बार विश्वकप जीता था। आठ नवंबर 1987 को खेले गए बेहद रोमांचक वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को सात रन से हराया था। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 253 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड आठ विकेट पर 246 रन ही बना सका था।