मुंबई इंडियंस को पांचवां आईपीएल खिताब दिलाने के बाद कप्तान रोहित शर्मा पहली बार बोले हैं। रोहित ने बताया कि आखिरी उनकी टीम आईपीएल में इतनी सफल क्यों है।

दुबई (एएनआई)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 13वां सीजन जीतने के बाद, मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने अपने साथियों से कहा कि टीम पूरे टूर्नामेंट में मैदान पर अनुशासित थी और यही मुख्य कारण है वे हमेशा आगे रहते हैं। टूर्नामेंट के फाइनल में दिल्ली कैपिटल को हराने के बाद मुंबई इंडियंस ने मंगलवार को अपना पांचवां आईपीएल खिताब जीता। बता दें आईपीएल इतिहास में मुंबई इंडियंस सबसे सफल टीम है। इस टीम ने अब तक सबसे ज्यादा पांच खिताब अपने नाम किए हैं।

रोहित ने खोला जीत का राज
रोहित ने मुंबई इंडियंस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, 'सबसे पहले, हम सभी को बड़ी बधाई। यह हमारे लिए एक शानदार सीजन था। हमारा सीजन अगस्त में शुरू नहीं हुआ था। हमने पहले से तैयारी शुरू कर दी थी। मुझे याद है कि जून में कुछ कठिन समय के दौरान, हमने तैयारी शुरू की थी और यह कभी आसान नहीं था। एक बार जब हम यहां आए, तो यह हमारे लिए एक नया माहौल था, होटल के बाहर नहीं बल्कि हमें एक टीम के रूप में अनुशासित किया गया और हमें मैदान पर अनुशासित किया गया और इसी कारण हम आईपीएल ट्रॉफी जीतने में सफल रहे।'

पांच टूर्नामेंट जीते हैं MI ने
हिटमैन ने आगे कहा, 'जो लोग इस टूर्नामेंट में बिल्कुल भी नहीं खेल पाए हैं, मैं उन्हें उनकी निरंतर ऊर्जा के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं, वे काफी सकारात्मक थे और हमें कभी ऐसा नहीं लगा कि वे प्लेइंग इलेवन में नहीं होने से निराश हैं। मुंबई इंडियंस ने मंगलवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में टूर्नामेंट के फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को पांच विकेट से हराया था। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली MI की आईपीएल की यह पांचवीं खिताबी जीत है। फ्रेंचाइजी ने इससे पहले 2013, 2015, 2017 और 2019 में टूर्नामेंट जीता था।

रोहित के नाम छह आईपीएल ट्राॅफी
रोहित शर्मा ने फाइनल में मुंबई के लिए 68 रनों की पारी खेली। रोहित शर्मा ने कुल छह आईपीएल खिताब जीते हैं। उन्होंने मुंबई इंडियंस के कप्तान के रूप में पांच जीते हैं जबकि उन्होंने 2009 में एडम गिलक्रिस्ट के नेतृत्व में डेक्कन चार्जर्स के लिए भी खिताब जीता था।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari